मेरठ 9 जनवरी (आरएनएस)। उप्र लोक सेवा आयोग की ओर से आगामी 17 एवं 18 जनवरी को आयोजित सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष एवं महिला शाखा) प्रारंभिक परीक्षा-2025 की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। परीक्षा में दोनों दिन 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (टीजीटी) परीक्षा के लिए जिले में कुल 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दोनों दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9 से लेकर 11 बजे तक होगी। वहीं, दूसरी पाली की दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। आगामी 17 जनवरी को पहले दिन कुल 44 केंद्रों पर यह परीक्षा होगी। इन केंद्रों पर दोनों पालियों में 19,968 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूसरे दिन दोनों पालियों के लिए कुल 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 15,456 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं।
जिले में टीजीटी परीक्षा के लिए बेहद कड़ी-सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। परीक्षा केंद्र पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ अध्यापक केंद्र व्यवस्थापक के रूप में कार्य करेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत बाह्य एवं 50 प्रतिशत आंतरिक कक्ष निरीक्षक की तैनाती की जाएगी। डीएम डा. वीके सिंह की अध्यक्षता में जल्दी ही परीक्षा को लेकर बैठक होगी। जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

