मेरठ 9 जनवरी (आरएनएस)। बेटी को अगवा कर मां की हत्या के मामले में कपसाड़ में राजनीति माहौल गरमा गया हैं। विभिन्न पार्टियों के नेता लाइन में लगकर पीडि़त परिवार को सात्वनां देकर उनकी मांग उठा रहे हैं। आरोपित के घर पर बुल्डोजर चलाने, 48 घंटे में युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की।
साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 50 लाख की आर्थिक सहायता की मांग उठाई गई। डीआइजी, डीएम-एसएसपी तक मौके पर पहुंचे। तब भी बातचीत सफल नहीं हो पाई। शाम तीन बजे प्रशासन ने दस लाख की आर्थिक सहायता और 48 घंटे में युवती को बरामद करने का भरोसा दिलाया। तब परिवार के लोग अंतिम संस्कार को तैयार हुए।
विधायक अतुल प्रधान, पूर्व विधायक योगेश वर्मा और मुकेश सिद्धार्थ ने पीडि़त परिवार से बातचीत की। पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचे।
आरोपित के दोनों भाई, भाभी, पिता और बहन एवं बहनोई को हिरासत में
पुलिस ने आरोपित के दोनों भाई, भाभी, पिता और बहन एवं बहनोई को हिरासत में ले लिया है। मां की तबीयत खराब होने की वजह से नहीं पकड़ा गया। उसके बाद भी आरोपित और युवती को पुलिस बरामद नहीं कर सकी। आरएएफ की एक कंपनी और जनपद का पुलिस बल लगाया गया। शाम तीन बजे तय हुआ कि पुलिस 48 घंटे में युवती को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार करेगी। साथ ही पीडि़त परिवार को दस लाख की आर्थिक सहायता का चेक दिया। साथ ही परिवार के एक सदस्य को योग्यता अनुसार नौकरी का भरोसा दिलाया गया। उसके बाद ही पीडि़त परिवार अंतिम संस्कार को तैयार हुआ।
एसएसपी डा. विपिन ताडा का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पुलिस बल लगाया गया है। साथ ही पुलिस की दस टीमें बनाकर आरोपित और युवती की तलाश की जा रही है। आरोपित के परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में आरएएफ और पुलिस बल लगा दिया है। ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

