कौशांबी,लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस ) । कौशांबी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग एक महत्वाकांक्षी परियोजना को तेजी से मूर्त रूप दे रहा है। कोसम इनाम गांव में निर्माणाधीन बुद्ध थीम पार्क को युद्धस्तर पर विकसित किया जा रहा है, जहां भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और करुणा के संदेश को कलात्मक मूर्तियों और संरचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। लगभग 11 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रहा यह थीम पार्क 22.93 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है, जिसे मौजूदा वर्ष के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।पर्यटन मंत्री ने बताया कि सरकार की परिकल्पना के अनुरूप इस बुद्ध थीम पार्क को देश-विदेश से आने वाले बौद्ध अनुयायियों और पर्यटकों के लिए एक विशिष्ट आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल कौशांबी को वैश्विक बौद्ध पर्यटन सर्किट में सशक्त स्थान दिलाएगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।कौशांबी में निर्माणाधीन बुद्ध थीम पार्क को तेलंगाना के नागार्जुन सागर स्थित प्रसिद्ध बुद्धवनम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इस परिसर में ध्यान और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी अनेक सुविधाएं प्रस्तावित हैं। पार्क के अंतर्गत विभिन्न मुद्राओं—धर्मचक्र मुद्रा, अभय मुद्रा और भूमिस्पर्श मुद्रा—पर आधारित एक विशेष ध्यान केंद्र स्थापित किया जाएगा। परियोजना का प्रमुख आकर्षण बुद्धचरित वनम होगा, जहां भगवान बुद्ध की जीवन यात्रा को जन्म से लेकर महापरिनिर्वाण तक मूर्तियों के माध्यम से सजीव रूप में दर्शाया जाएगा।इसके साथ ही जातक म्यूरल गैलरी, ध्यान वनम और स्तूप गैलरी जैसे विशिष्ट जोन विकसित किए जा रहे हैं, जो आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन-दर्शन और आध्यात्मिक संदेश से गहराई से जोड़ेंगे। विशेष रूप से स्तूप गैलरी में श्रीलंका, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, म्यांमार, नेपाल, तिब्बत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान सहित विभिन्न देशों के 13 प्रतिष्ठित स्तूपों की प्रतिकृतियां स्थापित की जाएंगी। साथ ही महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के प्रमुख बौद्ध स्थलों को भी इस परिसर में समावेश किया जाएगा, जिससे यह बुद्ध थीम पार्क राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक समग्र सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना सकेगा।प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात ने बताया कि कौशांबी का बुद्ध थीम पार्क विरासत संरक्षण और उच्च गुणवत्ता वाली पर्यटन अधोसंरचना के समन्वय का एक सशक्त उदाहरण होगा। भगवान बुद्ध से कौशांबी का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंध इसे अंतरराष्ट्रीय महत्व का स्थल बनाता है। विभाग का प्रयास है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर और समृद्ध पर्यटन अनुभव प्राप्त हो, जिससे उत्तर प्रदेश वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से उभरे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

