लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। थाना बंथरा क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर बेहटा मार्ग पर ग्राम अमावा के सामने सड़क किनारे आज 9 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9 बजे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना बंथरा की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया।पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृत महिला की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास है और वह संभवत: भिक्षावृत्ति कर जीवन-यापन करती थी। मौके पर महिला के बैग से शराब के पाउच, बीड़ी और कपड़े आदि बरामद हुए हैं। फिलहाल मृतका के नाम और पते के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर निरीक्षण कराया गया, जहां आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया गया। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की मृत्यु किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी साझा की जा रही है, ताकि महिला की पहचान सुनिश्चित की जा सके।प्रकरण के संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

