लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आज दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्यों की हुई, जबकि दूसरी बैठक मनरेगा कोऑर्डिनेटर, एसआईआर कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों, जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों तथा फ्रंटल, विभाग और प्रकोष्ठों के चेयरमैनों के साथ संपन्न हुई। ये दोनों बैठकें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में आयोजित की गईं। बैठक के आरंभ से पूर्व अविनाश पाण्डेय और अजय राय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और बृजलाल खाबरी के साथ-साथ राष्ट्रीय सचिव एवं सहप्रभारी धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल, सुप्रिया श्रीनेत, संयुक्त सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मनोज त्यागी, राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी, केएल शर्मा, उज्जवल रमण सिंह, इमरान मसूद, तनुज पुनिया, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कुँवर दानिश अली, एपी गौतम, रवि वर्मा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और नकुल दुबे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, विवेक बंसल, संजय कपूर, पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह, निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, निवर्तमान प्रदेश महासचिव संगठन अनिल यादव, पिछड़ा वर्ग विभाग कांग्रेस उत्तर प्रदेश के चेयरमैन मनोज यादव, अंकित तिवारी, अनस रहमान, संजय दीक्षित और मनीष हिंदवी भी बैठक में शामिल रहे।बैठक को संबोधित करते हुए अविनाश पाण्डेय ने कहा कि यह चुनावी वर्ष है और पार्टी के सामने पंचायत चुनाव, एमएलसी चुनाव और विधानसभा चुनाव जैसी बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत और ठोस रोडमैप तैयार करना होगा तथा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत संगठन खड़ा करना समय की मांग है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले 100 दिनों के भीतर प्रदेशभर में 30 से अधिक संविधान संवाद रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इन रैलियों के माध्यम से जनता की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया जाएगा और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। संगठन सृजन पर बोलते हुए राजेश तिवारी ने कहा कि पिछले आठ महीनों की मेहनत से बूथ स्तर तक एक सशक्त संगठन तैयार किया गया है और इसी संगठन के बल पर कांग्रेस 2027 के रण में उतरेगी।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी 12 जनवरी को प्रियंका गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी मंडलों पर प्रेस वार्ताएं आयोजित कर 100 दिन की कार्ययोजना घोषित की जाएगी। इस संबंध में आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि पहले प्रेस वार्ता होगी और उसके बाद प्रियंका गांधी के जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।पंचायत चुनाव पर बोलते हुए धीरज गुर्जर ने कहा कि यह एक ऐसा जमीनी चुनाव है, जो आने वाले विधानसभा चुनाव की दिशा और दशा तय करेगा। वहीं एसआईआर प्रक्रिया को लेकर तौकीर आलम ने कहा कि प्रदेश में जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उन्हें लेकर पार्टी ने एसआईआर कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार नवंबर से की गई मेहनत से आगे के एक महीने में दोगुनी मेहनत करनी होगी, ताकि वैध मतदाताओं के नाम जुड़वाए जा सकें और भाजपा को फर्जी वोटर बनवाने से रोका जा सके।एमएलसी चुनाव के संदर्भ में प्रदीप नरवाल ने कहा कि इस चुनाव में जीत का मूल मंत्र अधिक से अधिक मतदाता बनाना है, क्योंकि यह चुनाव विधानसभा चुनाव से लगभग दो माह पूर्व होता है और राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मनरेगा के मुद्दे पर वॉर रूम इंचार्ज संजय दीक्षित ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली इस योजना को कमजोर कर भाजपा ने करोड़ों गरीब और भूमिहीन मजदूरों की रोजी-रोटी छीन ली है।कांग्रेस की स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर लखनऊ से शुरू हुए ‘सेवा और बलिदान के 140 वर्षÓ कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में विस्तार देने की जानकारी मनीष हिंदवी ने दी। बैठक को प्रमोद तिवारी, केएल शर्मा, अजय कुमार लल्लू, सुप्रिया श्रीनेत, इमरान मसूद, उज्जवल रमण, तनुज पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, भगवती चौधरी, संजय कपूर और मनोज यादव सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

