लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। राजधानी के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र अंतर्गत अलखनंदा चौकी इलाके में आज 9 जनवरी 2026 को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब भागीरथी एनक्लेव की चारदीवारी के बाहर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना सुशांत गोल्फ सिटी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि भागीरथी एनक्लेव अंसल की चारदीवारी के बगल स्थित झाडिय़ों के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथमदृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और उसके बाद शव को चादर में बांधकर यहां लाया गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाडिय़ों में आग लगाकर जलाने का प्रयास भी किया गया, हालांकि वह पूरी तरह सफल नहीं हो सका।घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य तकनीकी और स्थानीय माध्यमों से संदिग्ध अभियुक्तों की तलाश तेज कर दी गई है।मामले के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस द्वारा कुल चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें अलग-अलग दिशाओं में जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन है, वह कहां का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में उसकी हत्या की गई।शव का पंचायतनामा भरकर उसे मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और आसपास के थानों सहित अन्य जिलों में भी सूचना साझा की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जाएगा। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

