लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 9 जनवरी 2026 को थाना मदेयगंज की पुलिस टीम द्वारा डालीगंज क्रॉसिंग पर महिला अपराधों की रोकथाम और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया गया।इस दौरान थाना मदेयगंज की टीम ने राहगीरों, महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी दी तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी व्यवस्थाओं और सहायता प्रणालियों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंतर्गत एंटी रोमियो टीम, पिंक बूथ, पिंक मोबाइल और महिला शक्ति केंद्र की भूमिका को समझाते हुए पम्पलेट वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं से अवगत हो सकें और आवश्यकता पडऩे पर बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकें।पुलिस टीम ने बताया कि महिला सशक्तिकरण उत्तर प्रदेश सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसके अंतर्गत हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एकीकृत सहयोग और संरक्षण प्रदान किया जाता है। पिंक बूथ को विशेष रूप से एक सुरक्षित आश्रय और सहायता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीडऩ, यौन शोषण अथवा किसी भी प्रकार की हिंसा से पीडि़त महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।मिशन शक्ति 5.0 के तहत लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। इनका उद्देश्य थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।कार्यक्रम के दौरान करीब 25 से 30 महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्डलाइन 1098, टोल-फ्री सिटीजन कॉल सेंटर 1076, अग्निशमन सेवा 101, एम्बुलेंस सेवा 102 और 108, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।इसके अतिरिक्त साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और यूपी कॉप ऐप के माध्यम से मिलने वाली डिजिटल सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई, जिससे महिलाएं और आम नागरिक ऑनलाइन शिकायत, त्वरित सहायता और सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकें।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और डिजिटल सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी देना है, ताकि महिलाएं और बच्चे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से डालीगंज क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश दिया गया और आमजन को यह भरोसा दिलाया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में पुलिस और प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

