लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। नगर निगम लखनऊ ने वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले राजस्व संग्रहण को तेज करने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लिया है। नगर आयुक्त के आदेश पर आगामी शनिवार और रविवार, 10 व 11 जनवरी 2026 को नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय और कर काउंटर खोले रखने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों दिनों में कर काउंटर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित रहेंगे, जिससे नागरिकों को कर भुगतान में अतिरिक्त सुविधा मिल सके।वर्तमान वित्तीय वर्ष के समापन में अब तीन माह से भी कम समय शेष है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन द्वारा गृहकर और जलकर की वसूली बढ़ाने तथा निर्धारित राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सार्वजनिक अवकाश के दिन भी कर संबंधी कार्य किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक करदाता अपने बकाया कर का भुगतान कर सकें।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों दिनों में सभी जोनल कार्यालयों में भवन स्वामियों से संबंधित कर निर्धारण, डाटा फीडिंग, संशोधन, आपत्तियों का निस्तारण और कर जमा करने से जुड़े सभी कार्य किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे करदाताओं से सीधे संपर्क कर उन्हें बकाया गृहकर और जलकर जमा कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे राजस्व संग्रहण को गति मिल सके।इसके साथ ही नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में विशेष कैंप आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इन कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में कर निर्धारण और कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो सके। इन कैंपों के माध्यम से कर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ वसूली कार्य को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।नगर निगम के इस निर्णय को नागरिकों के लिए सुविधा बढ़ाने और राजस्व लक्ष्य को समय पर पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

