लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस द्वारा पेट्रोल पंपों एवं उनके आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु विशेष सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया गया। यह अभियान शासन द्वारा संचालित नो हेलमेट–नो पेट्रोल अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों में हेलमेट की अनिवार्यता सुनिश्चित करने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के उद्देश्य से संचालित किया गया।पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देशन एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा दिनांक 08 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त जोनों और थाना क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंपों तथा उनके आसपास यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान दो चरणों में अपराह्न 3 बजे से 4 बजे तक तथा सायं 7 बजे से 8 बजे तक प्रभावी रूप से संचालित किया गया, जिसमें सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, क्रिटिकल कॉरिडोर, चौकी प्रभारी एवं हल्का प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ सक्रिय रहे।अभियान के दौरान जनपद भर में कुल 246 पेट्रोल पंपों एवं संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 2936 व्यक्तियों और संदिग्धों की गहन जांच एवं सत्यापन किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 180 वाहनों का चालान किया गया। विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को जागरूक करते हुए आवश्यकतानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।चेकिंग के दौरान पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। फायर सिलेंडर, बालू, पानी, इमरजेंसी स्विच जैसे सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गई। जहां कहीं भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, वहां संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भविष्य में सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गई। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों के आसपास स्थित ज्वलनशील पदार्थों से जुड़ी दुकानों, वेल्डिंग कार्य और गैस सिलेंडरों की भी जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई।जोनवार कार्रवाई की बात करें तो मध्य जोन में 31 स्थानों पर 75 व्यक्तियों, पूर्वी जोन में 43 स्थानों पर 483 व्यक्तियों, दक्षिणी जोन में 73 स्थानों पर 493 व्यक्तियों, पश्चिमी जोन में 39 स्थानों पर 791 व्यक्तियों तथा उत्तरी जोन में 60 स्थानों पर 544 व्यक्तियों की जांच की गई। इस प्रकार कुल 246 स्थानों पर व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया।लखनऊ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। लखनऊ पुलिस जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

