लखनऊ 9 जनवरी (आरएनएस )। जोन पूर्वी के थाना विभूतिखण्ड क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन होटल ट्रेवलर्स इन में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। थाना विभूतिखण्ड पुलिस टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में अभियुक्तों के कब्जे से टूटे हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नगदी बरामद की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08 जनवरी 2026 को वादी मनीष कुमार औधिया निवासी विजयन्तखण्ड, विभूतिखण्ड द्वारा थाना विभूतिखण्ड पर प्रार्थना-पत्र दिया गया था, जिसमें अज्ञात चोरों द्वारा होटल ट्रेवलर्स इन में चोरी किए जाने की सूचना दी गई थी। इस संबंध में थाना विभूतिखण्ड पर मुकदमा संख्या 0019/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा तकनीकी और मैनुअल प्रयासों के माध्यम से अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 08 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने पालिटेक्निक चौराहे के पास बांसमण्डी क्षेत्र से तीन अभियुक्तों को नियमानुसार गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्तों में अभिषेक कश्यप पुत्र राम शंकर उम्र लगभग 26 वर्ष निवासी आलू गोदाम थाना सदर जनपद अम्बाला, वर्तमान पता वास्तुखण्ड विभूतिखण्ड लखनऊ, करन जायसवाल पुत्र राजू उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी वास्तुखण्ड विभूतिखण्ड लखनऊ तथा हिमांशू रस्तोगी पुत्र सुनील रस्तोगी उम्र लगभग 20 वर्ष निवासी विभवखण्ड-4 विभूतिखण्ड लखनऊ शामिल हैं।पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक अदद बैटरी टूटी अवस्था में, दो अदद एलसीडी टूटी अवस्था में, दो कीबोर्ड, एक सीपीयू का डिब्बा तथा 870 रुपये नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 07 और 08 जनवरी की रात उन्होंने मिलकर वास्तुखण्ड क्षेत्र में स्थित निर्माणाधीन होटल ट्रेवलर्स इन का ताला ईंटों से तोड़कर कंप्यूटर सिस्टम, बैटरी और अन्य सामान चोरी किया था। चोरी के बाद वे सामान बेचने और फरार होने की फिराक में थे, तभी पुलिस द्वारा उन्हें पकड़ लिया गया।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त बंद और निर्माणाधीन मकानों, दुकानों और होटलों पर नजर रखते थे तथा मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी से प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर अपने शौक और नशे की पूर्ति करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक कश्यप का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध थाना गाजीपुर लखनऊ में लूट और चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।पुलिस द्वारा तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को थाना विभूतिखण्ड पुलिस टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

