नई दिल्ली 09 Jan, /- एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षित इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को लेकर बाजार में सुगबुगाहट तेज है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के हवाले से खबर है कि कंपनी इस साल अपना आईपीओ लाने पर विचार कर रही है, जो भारत के कॉरपोरेट इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ साबित हो सकता है।
खबर है कि रिलायंस जियो अपनी 2.5% हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है। यदि यह आईपीओ बाजार में आता है, तो इसकी वैल्यू चार अरब डॉलर (करीब 33,000 करोड़ रुपये से अधिक) से ज्यादा हो सकती है। यह आंकड़ा पिछले साल आए हुंडई मोटर इंडिया के 3.3 अरब डॉलर के आईपीओ को भी पीछे छोड़ देगा, जो अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ था।
नवंबर में इनवेस्टमेंट बैंक जेफरीज ने रिलायंस जियो का वैल्यूएशन 180 अरब डॉलर (करीब 15 लाख करोड़ रुपये) आंका था।
इस वैल्यूएशन के आधार पर 2.5% हिस्सेदारी की बिक्री से कंपनी आसानी से 4.5 अरब डॉलर जुटा सकती है।
सूत्रों का कहना है कि कुछ बैंकर्स इस कारोबार के लिए 200 अरब डॉलर से 240 अरब डॉलर तक के वैल्यूएशन का प्रस्ताव दे रहे हैं।
रिलायंस ने अभी तक किसी निश्चित आंकड़े पर अंतिम फैसला नहीं लिया है।

