इंदौर 9 जनवरी (आरएनएस)।तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित बायपास पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा (प्रियंका) बच्चन (25) भी शामिल हैं। ये हादसा सुबह करीब 5:15 बजे रालामंडल इलाके में इंदौर बायपास पर हुआ।
इस हादसे में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े नाम सामने आने के बाद घटना और भी संवेदनशील हो गई है। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव, पूर्व सीएम कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य नेताओं ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तेजाजी नगर बायपास पर रालामंडल के पास देर रात हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार नेक्सन कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार युवक-युवतियां अंदर बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कार काटनी पड़ी। कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवतियां और दो युवक शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, कार में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा (प्रियंका) बच्चन, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल, मनप्रीत संधु और अनुष्का सवार थे। चारों प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। कार प्रखर चला रहा था। हादसे में प्रेरणा, प्रखर और मनप्रीत संधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनुष्का गंभीर रूप से घायल है, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन एमवाय अस्पताल पहुंचे। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल सहित परिजन भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान अस्पताल परिसर में शोक का माहौल नजर आया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और परिचित भी एमवाय अस्पताल पहुंचे। सभी मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है, वहीं ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा-Óमध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री वरिष्ठ विधायक बाला बच्चन की सुपुत्री के इंदौर में कार दुर्घटना में आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। यह क्षति न केवल परिवार के लिए, बल्कि समस्त शुभचिंतकों के लिए अपूरणीय है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत बिटिया को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय वज्रपात को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल दें। इस दु:ख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। ? शांति।Ó
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। रालामंडल थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार, पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। वहीं तेजाजी नगर पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर जांच की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और संभवत: नियंत्रण खोने के कारण हुआ। हादसे की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

