सुल्तानपुर,10 जनवरी (आरएनएस)। काम के अधिकार की रक्षा और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय सुल्तानपुर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। वार्ता के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों की आजीविका की रीढ़ है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित प्रावधानों के माध्यम से इस कानून की मूल भावना को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे रोजगार की गारंटी कमजोर होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि संविधान प्रदत्त अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनता के साथ मिलकर इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी। उनके द्वारा बताया कि पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर 10 जनवरी से 25 फरवरी 2026 तक चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है। इसके तहत जिला, ब्लॉक, पंचायत, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क, धरना-प्रदर्शन, उपवास, प्रेस कॉन्फ्रेंस और राज्य स्तरीय घेराव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व विधायक शिवनरायन मिश्र ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से मनरेगा मजदूरों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और वंचित वर्गों को संगठित कर उनकी आवाज़ बुलंद की जाएगी।किसान कांग्रेस के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि मनरेगा गरीबों का संवैधानिक अधिकार है। कानून इस अधिकार को खत्म करने की साजिश है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देगी, मनरेगा रोजगार गारंटी का कानून है और जी.राम.जी. एक सरकारी योजना, कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नही करेगी और ग्रामीण स्तर मनरेगा श्रमिकों को लेकर आंदोलन चलायेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम के कोऑर्डिनेटर ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मनरेगा से करोड़ों परिवारों को रोजगार मिलता है। पंचायतों के अधिकार छीनना और मजदूरी में कटौती गरीबों पर सीधा हमला है, मनरेगा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। सरकार अगर इस योजना से छेड़छाड़ करेगी तो कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष तेज करेगी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि भाजपा ने एसआईआर के नाम पर यूपी में लाखों-करोड़ों वोट काटकर लोकतंत्र को कमजोर किया है। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी, हम मीडिया के माध्यम से आम जनता से “मनरेगा बचाओ संग्राम” को समर्थन देने की अपील करते है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता सियाराम त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जनार्दन शुक्ला, पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा, जिला महासचिव ममनून आलम विजय पाल, कंट्रोल रूम प्रभारी सलाउद्दीन हाशमी, शहर कमेटी के प्रवक्ता हामिद राइनी, अतीक,सुब्रत सिंह सनी, दिनेश तिवारी,शीतला साहू आदि लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

