जौनपुर,10 जनवरी (आरएनएस)। भारत की संस्कृति, सभ्यता और पहचान में अहम योगदान निभाने वाली हिन्दी सिर्फ भाषा नहीं, बल्कि हमें अपनी भाषा की जडों से जोडने और इसके गौरव को संजोने का अवसर भी देती है। 10 जनवरी महज एक तारीख नहीं, बल्कि वह ऐतिहासिक दिन है जब हिंदी ने भारत की सीमाओं को लांघकर पूरी दुनिया में अलग पहचान बनाई थी। उक्त विचार नागरी लिपि परिषद वीर बहादुर सिंह पूर्वाञ्चल विश्वविद्यालय जौनपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ ब्रजेश कुमार यदुवंशी ने सिविल लाइंस स्थित एक होटल पवन प्लाजा में आयोजित विश्व हिंदी दिवस पर व्यक्त किया। इस दौरान प्रख्यात साहित्यकार सभाजीत द्विवेदी प्रखर को नागरी सम्मान से सम्मानित किया गया। श्री प्रखर ने कहा कि 10 जनवरी 1975 के दिन भारत के नागपुर शहर में ‘प्रथम विश्व हिंदी सम्मेलनÓ का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन का मकसद हिन्दी को दुनिया भर में पहचान दिलाना था, इसलिये हर साल 10 जनवरी को ‘विश्व हिंदी दिवसÓ मनाया जाता है।भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष फूलचन्द भारती ने कहा कि दुनिया भर में हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता फैलाने के लिये यह दिन हर साल धूमधाम से मनाया जाता है। पूर्व अध्यक्ष दीवानी अधिवक्ता संघ जितेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि इसे मनाये जाने का मूल उद्देश्य वैश्विक स्तर पर हिन्दी को बढावा देना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

