लखनऊ,10 जनवरी (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मुरादाबाद और देवरिया के दिवंगत बीएलओ के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एसआईआर ड्यूटी के दौरान अत्यधिक कार्य दबाव के चलते आत्महत्या करने वाले या हार्ट अटैक से जान गंवाने वाले बीएलओ और कर्मचारियों के साथ समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहयोग करती रहेगी।अखिलेश यादव ने पूर्व में घोषणा की थी कि एसआईआर ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले बीएलओ को समाजवादी पार्टी की ओर से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसी क्रम में उन्होंने मुरादाबाद के बीएलओ सर्वेश सिंह जाटव की पत्नी बबली देवी को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा। सर्वेश सिंह जाटव कंपोजिट विद्यालय जाहिदपुर सीकमपुर, ब्लाक भगतपुर टांडा, मुरादाबाद में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे और एसआईआर से जुड़ी जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।इसके साथ ही अखिलेश यादव ने देवरिया जनपद के सलेमपुर तहसील में तैनात लेखपाल एवं बीएलओ आशीष कुमार की पत्नी कंचन को भी 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। आशीष कुमार ग्राम धनगड़ा (बरवापलासी), पोस्ट ठेगलवा, जनपद देवरिया के निवासी थे। इसके अलावा ग्राम माझका नरायन, बूथ संख्या-7, विधानसभा रुद्रपुर पर कार्यरत बीएलओ जगदम्बा दुबे की पत्नी रंजू देवी को भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाओं में बीएलओ और कर्मचारियों पर अत्यधिक मानसिक और शारीरिक दबाव डाला जा रहा है, जिसका गंभीर और दुखद परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए ईमानदारी से काम किया, उनकी मौत के बाद सरकार की संवेदनहीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। समाजवादी पार्टी ऐसे हर परिवार के साथ खड़ी रहेगी, जिन्होंने इस दबावपूर्ण व्यवस्था की कीमत अपनी जान देकर चुकाई है।कार्यक्रम के दौरान विधायक कमाल अख्तर और देवरिया के जिलाध्यक्ष व्यास यादव भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने दिवंगत कर्मियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके न्याय और सम्मान के लिए संघर्ष करती रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

