लखनऊ,10 जनवरी (आरएनएस)। नगर निगम के जलकल विभाग ने शनिवार को शहरवासियों को निर्बाध और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी जोनों में व्यापक स्तर पर पाइपलाइन मरम्मत और संबंधित तकनीकी कार्य कराए। नगर आयुक्त गौरव कुमार और जीएम जलकल कुलदीप सिंह के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में यह अभियान चलाया गया, जिसे जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।जलकल विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पाइपलाइन लीकेज, क्षतिग्रस्त जललाइन, चोक सीवर, ओवरफ्लो टंकियों और अन्य तकनीकी समस्याओं को चिन्हित कर मौके पर ही त्वरित समाधान किया। जोन-1 से लेकर जोन-8 तक कई प्रमुख क्षेत्रों में मरम्मत और सुधार कार्य किए गए, जिससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही जल आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों से राहत मिली।जोन-1 में योजना भवन के पास, कंधारी बाजार लालबाग, लापलाश कॉलोनी शिवनगर, वजीरगंज, मौलवीगंज और हरी नगर क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत और वाशिंग का कार्य किया गया। वहीं जोन-2 में बड़ा इमामबाड़ा क्षेत्र, राजाजीपुरम सी-ब्लॉक, गुलमोहर कॉलोनी, गढ़ी कनौरा और श्रम विहार में लीकेज सुधार के साथ-साथ करेहटा टंकी की सफाई कराई गई। इन इलाकों में लंबे समय से जलदबाव की समस्या बनी हुई थी, जिसे काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया है।जोन-3 में जानकीपुरम विस्तार, ट्रॉमा सेंटर क्षेत्र सेक्टर-2 और ओएचटी सेक्टर-8, मडियांव गांव में नाले के पास चार स्थानों पर पाइपलाइन मरम्मत की गई। इसके साथ ही जानकीपुरम सेक्टर-3, त्रिवेणी नगर और रहीम नगर क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत के साथ नई लाइन बिछाने और टंकी सफाई का कार्य भी किया गया। विज्ञान पुरी और हार्नर क्षेत्र में ट्यूबवेल की मरम्मत कर जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। जोन-4 में विराज खंड-1, विकल्प खंड-3, विनीत खंड-3 और काल्विन कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों में लीकेज सुधार और कनेक्शन ठीक किए गए।जोन-5 और जोन-6 में भोला खंड, दुर्गापुरी, आशियाना नगर, विक्रम नगर, साजन मैरिज हॉल और साबिक निवास क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत, नई पाइपलाइन डालने और चोक लाइन खोलने जैसे कार्य पूरे किए गए। वहीं जोन-7 में सेक्टर-17, सेक्टर-9 इंदिरा नगर और विकास भवन के आसपास सीवर और जललाइन से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। जोन-8 में रेल नगर आशियाना और हिंद नगर क्षेत्रों में लीकेज मरम्मत के साथ स्टैंड पोस्ट लगाने जैसे आवश्यक कार्य किए गए।अधिकारियों के अनुसार सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरे किए गए, ताकि नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जलकल विभाग द्वारा शहर के सभी जोनों में नियमित निरीक्षण कर जलापूर्ति और सीवर से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। जहां भी पाइपलाइन लीकेज, जलदबाव में कमी या सीवर चोक होने की शिकायत मिलती है, वहां तुरंत टीम भेजकर कार्रवाई की जाती है। शनिवार को किया गया यह अभियान उसी क्रम का हिस्सा है और आगे भी यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।जलकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि पानी की आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज या सीवर से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। जलकल विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 8177054100, 8177054003 और 8177054010 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

