भोपाल,10 जनवरी (आरएनएस)। नगर निगम की अरवलिया स्थित गोशाला में 6 गोवंश मृत मिलने पर हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर दिया। इसे लेकर संगठन पदाधिकारियों ने ईंटखेड़ी थाने में शिकायत भी की। कहा कि गायें भूख के मारे गोबर मिक्स चारा खा रही हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने निगम कर्मचारियों की लापरवाही से गायों की मौत होने की बात कही है। शुक्रवार देर रात वे गोशाला पहुंचे थे। यहां मुख्य गेट पर ताला लगा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम के कुछ कर्मियों को बुलवाकर जब अंदर जाकर देखा तो 6 गोवंश मृत पाए गए। वहीं, 4 गंभीर बीमार स्थिति में थे।
गोशाला प्रबंधन ने अंदर ही एक बड़ा गड्?ढा खोदा था। आरोप है कि इसमें मृत गोवंश को चोरी-छिपे दफनाने की तैयारी थी। विरोध करते हुए हिंदूवादी संगठनों ने सद्बुद्धि के लिए श्री हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। तब जाकर निगम के एडीसी देर रात मौके पर पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही।
प्रदर्शन के दौरान प्रांत सह गोशाला संपर्क प्रमुख विनोद जोहरे समेत वीर सावरकर, नितिन साहू, राजेंद्र नामदेव, रवि कुशवाह, अभिषेक शर्मा, राकेश रायकवार, गौरव मिश्रा, अभिषेक कुशवाह, कैलाश कुशवाह आदि भी मौजूद थे। थाने में आवेदन देने के बाद मृत गोवंश के शव को पोस्ट मार्टम के लिए पशु अस्पताल भिजवाया गया।

