भोपाल,10 जनवरी (आरएनएस)। राजधानी भोपाल के व्यस्ततम क्षेत्र 10 नंबर मार्केट के पास शनिवार दोपहर नर्मदा पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन फटने से पानी इतनी तेजी से निकला कि सड़क पर लगभग 20 फीट ऊंचा फव्वारा बन गया। इस घटना के कारण आसपास की सड़कों पर तेजी से जलभराव हो गया, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हुई।
10 नंबर और 11 नंबर के अधिकांश इलाकों में नर्मदा लाइन से पानी की सप्लाई की जाती है। शनिवार को भी पानी सप्लाई किया जा रहा था। तभी फ्रेक्चर अस्पताल के पास लाइन लीकेज हो गई और पानी का फव्वारा उठ गया। रहवासियों ने बताया कि अचानक पाइप लीकेज हो गई। इस वजह से आसपास के घरों में भी पानी भर गया।
पानी का दबाव इतना अधिक है कि वहां से गुजरने वाली कारें, ऑटो और दुपहिया वाहन पूरी तरह भीग रहे हैं। कई राहगीर इस अद्भुत लेकिन समस्याजनक नजारे को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। पाइपलाइन फटने से हजारों लीटर पीने का पानी व्यर्थ बह गया, जिससे क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम को मरम्मत कार्य के लिए सूचित किया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पाइपलाइन पुरानी होने या अत्यधिक दबाव के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन अब जल बर्बादी को रोकने और पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास में जुटा है।

