भोपाल,10 जनवरी (आरएनएस)। भोपाल की ईरानी गैंग का सरगना राजू ईरानी गिरफ्तार हो गया है। गुजरात क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे सूरत से गिरफ्तार किया। राजू ईरानी सूरत में साढ़ू भाई के घर में छुपा हुआ था। वो लंबे समय से फरार था। सूरत क्राइम ब्रांच की टीम ने इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। अब उसे भोपाल लाया जाएगा। मध्य प्रदेश पुलिस सूरत रवाना हो चुकी है।
डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि इनपुट मिला था कि भोपाल निवासी राजू ईरानी सूरत में किसी बड़ी वारदात की फिराक में आया है। इसी सूचना पर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। आरोपी 13-14 साल से भोपाल की अमन नगर कॉलोनी में रह रहा था और छह अलग-अलग गैंग ऑपरेट कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, राजू ईरानी और उसका भाई जाकिर अली लूट के पैसों से लग्जरी कारें, महंगी स्पोर्ट्स बाइक और अरबी घोड़े पालने का शौक पूरा करते थे। इलाके में उनका रुतबा किसी ‘डॉनÓ जैसा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हरियाणा, यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत 14 राज्यों में लूट, ठगी और संगठित अपराध के मामलों में वॉन्टेड है। दिल्ली क्राइम ब्रांच में वह 2022 से ठगी के एक बड़े केस में भी फरार चल रहा था।

