भोपाल,10 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को भाजपा किसान मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विकसित भारत, गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी-जी रामजी योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन, संगठनात्मक मजबूती तथा किसानों और ग्रामीण मजदूरों तक योजना की जानकारी पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श करना रहा। बैठक को भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा एवं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री राजेश सिंह ने संबोधित किया।
भोपाल जिला अध्यक्ष रविंद्र यति ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आत्मनिर्भर गांव, विकसित भारत का संकल्प वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से साकार हो रहा है। यह योजना ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक निर्णायक पहल है। यति ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई थी, जहां मजदूरों को न तो समय पर पूरा रोजगार मिलता था और न ही उनके अधिकार सुरक्षित रहते थे। इसके विपरीत मोदी सरकार ने वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से मनरेगा को पारदर्शी, जवाबदेह और गारंटी आधारित स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की पक्की गारंटी मिलेगी। इससे किसानों, खेत मजदूरों, ग्रामीण श्रमिकों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के लक्ष्य को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगी। किसान मोर्चा का दायित्व है कि वह वीबी-जी रामजी योजना की जानकारी अंतिम पंक्ति में खड़े किसान और मजदूर तक पहुंचाए तथा उन्हें इस योजना का लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष मनोज राठौर, राहुल राजपूत, जिला मंत्री राजकुमार विश्वकर्मा, वीबी-जी रामजी योजना की जिला टोली के सदस्य राजाराम शिवहरे, राजेंद्र गुप्ता, साधना यादव, किसान मोर्चा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता सहित मोर्चा के प्रभारी उपस्थित रहे।

