नवी मुंबई,11 जनवरी। डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस (एमआई) ने डब्ल्यूपीएल 2026 सीजन के अपने पहले मैच में हार के 24 घंटे के अंदर ही शानदार वापसी करते हुए शनिवार 10 जनवरी को डीवाई पाटिल स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 50 रनों से हरा दिया.
नैट साइवर-ब्रंट और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 70 और 74 रन की शानदार पारियां खेलकर एमआई को 195/4 के स्कोर तक पहुंचाया. डीसी की चेज शुरू से ही लडख़ड़ा गई क्योंकि पावरप्ले के अंदर ही उनका टॉप ऑर्डर ढह गया.
इसके बाद, चिनले हेनरी के 56 रन के बावजूद, 195 रन का लक्ष्य धीरे-धीरे पहुंच से बाहर होता गया और दिल्ली 19 ओवर में 149 रन पर ऑल आउट हो गई, जिससे मुंबई ने शानदार तरीके से अपनी जीत की शुरुआत की. मुंबई के लिए, अमेलिया केर और निकोला कैरी ने निर्णायक स्पेल डाले और दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की तरफ से नैट साइवर ने 46 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल थे, जबकि हरमनप्रीत ने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे. इसी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. जिसकी वजह से मुंबई एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा.
196 रनों का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि उनकी आधी टीम 46 के स्कोर पर ही पवेलियन लौट गई. दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद, चिनले हेनरी एक तरफ से क्रीज पर डटी रहीं और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन यह कोशिश काफी नहीं रही क्योंकि डीसी काफी पीछे रह गई, जिससे एमआई को इस सीजन की पहली जीत मिली.
मुंबई को टूर्नामेंट के पहले मैच में आरसीबी के हाथों तीन विकेट हार का सामना करना पड़ा था. जब उनकी टीम 154 रन नहीं बचा पाई थी. आरसीबी की डी क्लर्क ने शानदार 63 रनों की पारी खेलकर हारा हुआ मैच अपनी टीम जीता दिया था. जिसमें आखिरी चार गेंदों पर 20 रन भी शामिल थे.
००

