नईदिल्ली, 15 अपै्रल। सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल 2026 के बीच एक बड़ा झटका लगा है. टीम के ऑलराउंडर ब्रायडन कार्स चोट के कारण एक भी मैच खेले बिना ही पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. टीम ने कार्स की जगह श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को टीम में शामिल करने की घोषणा भी कर दी है. कार्स को हैदराबाद ने 1 करोड़ में रिटेन किया था. जबकि मदुशंका को 75 लाख रुपये में टीम में साइन किया है.
आईपीएल ने एक बयान में कहा, सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के बाकी मैचों के लिए ब्रायडन कार्स की जगह दिलशान मदुशंका को चुना है. कार्स चोट के कारण आईपीएल के मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं. बयान में आगे कहा गया, दिलशान मदुशंका, जो एक बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं, ने श्रीलंका के लिए एक टेस्ट, 28 वनडे और 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 70 विकेट दर्ज हैं. वह सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 75 लाख रुपये में जुड़ेंगे. यह श्रीलंकाई गेंदबाज इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा था.
मदुशंका ने आईपीएल में अब तक कोई मैच नहीं खेला है. उन्हें 2024 में मुंबई इंडियंस ने 4.6 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे.
मदुशंका के आने से सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी यूनिट और मजबूत होगी. 25 साल के यह श्रीलंकाई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज पावर प्ले के शुरुआती ओवरों में गेंद को स्विंग कराने की अपनी काबिलियत के लिए जाने जाते हैं. हैदराबाद में युवा गेंदबाज प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन के साथ-साथ अनुभवी तेज गेंदबाज हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट भी शामिल हैं. टीम के कप्तान पैट कमिंस के भी 17 अप्रैल को टीम के साथ जुडऩे की उम्मीद है.
कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी कर रहे हैं. उनकी कप्तानी में टीम ने मौजूदा सीजन में खेले गए पांच मैचों में से दो में जीत हासिल की है. पॉइंट्स टेबल में टीम अभी चौथे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट +0.576 है. अब शनिवार को हैदराबाद अपने घरेलू मैदान में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

