नईदिल्ली, 15 अपै्रल। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स का इस सीजन खराब प्रदर्शन जारी है. अब इस टीम को पांच मैच में से चार में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिसकी वजह से उनको एक अंक मिल गया.
इस सीजन 14 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए अपने पांचवें मैच में केकेआर को चेन्नई सुपर किंग्स से 32 रनों से हार का सामना करना पड़ा. 192 रनों के लक्ष्य को केकेआर चेज नहीं कर सकी और 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी.
मैच के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने माना कि बैटिंग में मोमेंटम की कमी कोलकाता नाइट राइडर्स को लगातार नुकसान पहुंचा रही है. हालांकि, उन्होंने बॉलिंग यूनिट की तारीफ की, जिन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा. टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए रहाणे ने बताया कि पावर-प्ले में मुश्किल शुरुआत के बाद भी केकेआर के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की.
हार के बाद केकेआर के कप्तान ने कहा, बैटिंग में कोई खास मोमेंटम नहीं था. बिल्कुल सही बात है. मुझे लगा कि बॉलिंग में हमने बहुत अच्छी वापसी की. इस विकेट पर 190 रन का स्कोर काफी अच्छा था, खासकर पावर-प्ले में जिस तरह उन्होंने 70 के करीब रन बनाए थे. उसके बाद स्कोर को 190 तक सीमित रखना हमारी बॉलिंग यूनिट का शानदार काम था.
गेंदबाजों की कोशिशों के बावजूद, रहाणे ने माना कि बैटिंग यूनिट इसका फायदा नहीं उठा पाई, खासकर पावर-प्ले में, जहां केकेआर की शुरुआत काफी धीमी रही. उन्होंने कहा, मुझे लगा कि शुरुआत में हमारी बैटिंग काफी धीमी रही, पावर-प्ले में हम सिर्फ 36 या 37 रन ही बना पाए. मुझे लगता है कि यह एक अहम बात थी. बीच के ओवरों में स्पिनरों के खिलाफ रन बनाना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन उसके अलावा विकेट बैटिंग के लिए काफी अच्छा था.
केकेआर के कप्तान ने इस बात पर जोर दिया कि टीम को एक ऐसे बल्लेबाज की जरूरत है जो पारी को संभाले और मैच को आखिर तक ले जाए. हाल के मैचों में टीम में इसी चीज की कमी देखने को मिली है. उन्होंने कहा, हमें एक ऐसे बल्लेबाज की जरूरत है जो आखिर तक बैटिंग करे और मैच को फिनिश करे.
केकेआर का अगला मैच 17 अप्रैल को है. जब वो गुजरात टाइटंस से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने सामने होंगे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

