नवी मुंबई,11 जनवरी। विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) की स्टार बल्लेबाज नेट साइवर-ब्रंट और हरमनप्रीत कौर ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। साइवर-ब्रंट के डब्ल्यूपीएल करियर का यह 9वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में पूरा किया। हरमनप्रीत के भी डब्ल्यूपीएल करियर का यह 9वां अर्धशतक है, जिसे उन्होंने 33 गेंदों में अपने नाम किया। दोनों की पारियों के दम पर एमआई ने 195/4 का शानदार स्कोर बनाया।
साइवर-ब्रंट ने 46 गेंदों का सामना किया और 70 रन बनाए। उनके बल्ले से 13 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 152.17 की रही। हरमनप्रीत ने 42 गेंदों का सामना कर 74 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 176.19 की रही। इन दोनों खिलाडिय़ों के बीच 47 गेंदों में 66 रन की साझेदारी हुई। हरमनप्रीत ने निकोला केरी के साथ 25 गेंदों में 53 रन की साझेदारी निभाई।
साइवर-ब्रंट ने डब्ल्यूपीएल में 31 मुकाबले खेले हैं। इसकी 31 पारियों में 45.87 की औसत के साथ उन्होंने 1,101 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 80 रन रहा है। वह डब्ल्यूपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में 1,000 रन नहीं बना पाया है। साइवर-ब्रंट एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाली एकमात्र बल्लेबाजी भी हैं।
एमआई की कप्तान ने अब तक 29 मुकाबले खेले हैं और इसकी 28 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 945 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से भी 9 अर्धशतक निकले हैं। वह कप्तान के रूप में अब संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने मेग लैनिंग की बराबरी की है। इस खिलाड़ी ने 144.93 की स्ट्राइक रेट से टूर्नामेंट में बल्लेबाजी की है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 95 रन रहा है।
००

