-फाइनल में आजमगढ़ ने खिताब किया अपने नाम
सुल्तानपुर 11 जनवरी (आरएनएस )। जिले के शहर क्षेत्र स्थित नारायणपुर में स्वर्गीय बाबू अवध नारायण सिंह की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता खेल, श्रद्धा और अनुशासन का जीवंत उदाहरण बनी। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व युवा नेता एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह ने किया, जिनकी कुशल आयोजन क्षमता और समर्पण की सर्वत्र सराहना हुई।
चंदन नारायण सिंह की अगुआई में आयोजित इस प्रतियोगिता में बक्सर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गाजीपुर, आजमगढ़, बाराबंकी और सुल्तानपुर की टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रेमियों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला गाजीपुर और अयोध्या के बीच खेला गया। शनिवार देर रात तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन का फाइनल मुकाबला आजमगढ़ और डीवीए के बीच खेला गया, जिसमें आजमगढ़ की टीम ने तीन सेट के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में बेस्ट अटैकर – धनंजय, बेस्ट सेटर – करण सिंह और बेस्ट ऑलराउंडर – जमाली घोषित किए गए।
आयोजन के दौरान चंदन नारायण सिंह ने अपने बाबा स्वर्गीय बाबू अवध नारायण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे अपने समय के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों में गिने जाते थे और मेजर ध्यानचंद के समकालीन रहे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में उच्च प्रशासनिक पदों पर रहते हुए समाज सेवा, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए आजीवन कार्य किया। इसी प्रेरणा से इस खेल आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि भाजयुमो प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि सरकार खिलाडिय़ों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. सुधाकर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आर.ए. वर्मा, डॉ. डी.पी. सिंह सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

