लखनऊ 11 जनवरी (आरएनएस ) पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना विकासनगर पुलिस ने एक जघन्य ब्लाइंड मर्डर की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने लगभग 1289 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर न केवल हत्या की गुत्थी सुलझाई, बल्कि लूट की घटना में शामिल सभी आरोपियों को भी पकड़ लिया।यह मामला 30 दिसंबर 2025 का है, जब डायल 112 पर सूचना मिली कि विकासनगर मोड़ पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर कूचकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान लालाराम उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी ग्राम चन्देसुवा, थाना लहरपुर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। लालाराम लाई-चना बेचने का काम करता था और विकासनगर मोड़ के पास सड़क किनारे ठेला लगाकर रात में वहीं सो जाता था।मृतक की पत्नी किरन देवी की तहरीर पर थाना विकासनगर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने जमीनी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पड़ताल की। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने 11 जनवरी 2026 को इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया।पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों का मृतक से पूर्व में विवाद था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने साजिश रची, मृतक के सोने के स्थान की रेकी की और सुनसान समय का फायदा उठाकर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद मृतक की जेब में रखे 7240 रुपये भी लूट लिए गए।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सोनू उम्र करीब 28 वर्ष, धनराज उम्र करीब 19 वर्ष और राहुल उर्फ शिवा उम्र करीब 25 वर्ष शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमे को बढ़ाते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने इस सफल अनावरण को टीमवर्क और तकनीकी दक्षता का परिणाम बताया है, जिससे एक जघन्य अपराध के दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जा सका।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

