लखनऊ 11 जनवरी (आरएनएस ) पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना सरोजनीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का प्रयास कर रहे एक अंतर्जनपदीय गैंग के तीन शातिर चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, नकब लगाने के औजार और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।घटना 10 जनवरी 2026 की है, जब डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्टनगर चौकी क्षेत्र के सेक्टर-एफ में स्थित शिखर मेहरोत्रा के मकान में कुछ व्यक्ति चोरी का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी पार्क की ओर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपनी पहचान अभिषेक सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, अमन यादव उर्फ सत्यम और शिवम यादव के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो सरिया आला नकब बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहले थाना विकासनगर क्षेत्र से एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर चुके थे और उसे छिपाने की फिराक में थे।
पुलिस द्वारा गहन पूछताछ करने पर आरोपियों ने पहले हरदोई जनपद के बिलग्राम क्षेत्र में मोटरसाइकिल छिपाने की बात कही, लेकिन वहां तलाशी में कुछ नहीं मिला। इसके बाद सख्ती से पूछने पर आरोपियों ने अमौसी क्षेत्र के किसान पथ, पिपरसंड रोड के पास मोटरसाइकिल छिपाने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने उनकी निशानदेही पर अमौसी कब्रिस्तान के पास जंगल में झाडिय़ों से कूटरचित नंबर प्लेट लगी चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। अभिषेक सिंह उर्फ प्रदीप सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट और लूट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं अमन यादव उर्फ सत्यम के खिलाफ लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत अनेक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। शिवम यादव भी पहले से आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सरोजनीनगर में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के साथ आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की वारदात होने से बच गई। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

