प्रयागराज 11 जनवरी (आरएनएस)। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले, अत्याचार और उत्पीडऩ के खिलाफ आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों ने सिविल लाइंस पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पीएम मोदी को सख्त कदम उठाते हुए बांग्लादेश से सारे व्यापारिक रिश्ते खत्म करने चाहिए और बांग्लादेश को होने वाली विद्युत सप्लाई रोक देनी चाहिए। साथ ही पूर्व पीएम शेख हसीना को तत्काल देश से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए। मोदी सरकार बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर कोई गंभीर नहीं है। वह दोहरी नीति पर काम कर रही है जो देश के लिए काफी खतरनाक है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सर्वेश यादव ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंख मूंदकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विदेश नीति की विफलता नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध है। जब एक ओर हिंदू मंदिर जलाए जा रहे हैं और निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं, तब दूसरी ओर भारत सरकार का मौन रहना नैतिक पतन का प्रतीक है। यदि अब भी केंद्र सरकार ने कठोर और निर्णायक कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप देगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के साथ सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध समाप्त करने, भारत से दी जा रही बिजली आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाने तथा हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।
इस दौरान प्रदर्शन में प्रमुख रूप से काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी, जिला महासचिव सौरव सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्रम प्रकोष्ठ अंजनी मिश्रा, रविंद्र श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, मोहम्मद अजमल, अमन कुमार, अरुण बिंद, अर्पितसाहू, रेणुका राय, नीतू कनौजिया, सविता सिंह, आजमा प्रवीण, गोलू सोनकर, अरुण कुशवाहा, कप्तान पटेल, मोहम्मद जैद, जटाशंकर सिंह, रावेंद्र पांडेय, राजेश यादव, लक्ष्मी पांडे, बसंत लाल बागी, मसूद अख्तर, गौरव द्विवेदी, अनुज पांडे, शशि चंद्र, लवकुश मिश्रा आदि सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे?।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

