प्रयागराज 11 जनवरी (आरएनएस)। राज्यसभा में विपक्ष के उप नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली अंग्रेजों की बांटो और राज करो जैसी है। इसे महंगाई अथवा बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों से मतलब नहीं। देश में आज रामराज नहीं गोडसे राज है।
उन्होंने माघ मेला स्थित प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के विशेष समर्थ प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते कहा कि भारत के ग्रामीणों की महत्वपूर्ण योजना मनरेगा को केंद्र सरकार ने बंद कर एक बार फिर गांधी की हत्या की है। मनरेगा बंद होने से गांव का विकास खत्म हो जाएगा जिसकी बहाली के लिए कांग्रेस, सरकार को किसान बिल वापसी की तरह विवश करेंगी। कहा कि धोखे का दूसरा नाम भाजपा है ,पीएम मोदी उसका पर्याय हैं जो जनता की भलाई और देश हित की बात न कर उद्योगपतियों का स्वार्थ पूरा करने में तात्पर्य है। सेवादल की प्रशंसा करते हुए तिवारी ने कहा कि ब्रिटिश हुकूमत के अत्याचार के विरुद्ध इसका गठन हुआ जिसने कांग्रेस को मजबूती दी। निष्ठा, समर्पण, विचारधारा का ज्ञान और अनुशासन सेवा दल की सबसे बड़ी खूबियां हैं । तिवारी ने कहा कि देश अत्यंत कठिनाइयों के दौर से गुजर रहा है जो गंभीर चिंता का विषय है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने शिविर में वंदे मातरम गीत की ध्वनि के बीच ध्वजारोहण किया। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष डॉ प्रमोद पांडे ने संचालन करते हुए सेवादल के इतिहास पर व्यापक प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय प्रकाश, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी, सुधाकर तिवारी, गौरव पांडेय, किशोर वाष्र्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, मुकुंद तिवारी, तस्लीम उद्दीन ,श्री प्रकाश मिश्रा, संजय तिवारी, अरुण तिवारी, अनिल पांडेय,अनुपम श्रीवास्तव, अभिजीत कुशवाहा, कौशलेश पाठक, अफसाना अंसारी सहित सैकड़ो लोग मौजूद थे। श्री तिवारी ने बाद में सेवादल के पदाधिकारी को प्रमाण पत्र प्रदान किये।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

