मेरठ 11 जनवरी (आरएनएस)। सोफिया गल्र्स स्कूल की तीन और प्रतिभाशाली बास्केटबाल खिलाडिय़ों का चयन काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन यानी सीआइएससीई की नेशनल टीम में हुआ है। अंडर-19 आयु वर्ग में नव्या रावत का चयन होने के बाद अब अंंडर-17 आयु वर्ग की काउंसिल की नेशनल टीम में आयुषी, तनिष्का और सौम्या बाना का चयन एसजीएफआइ (स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया) नेशनल स्कूल गेम्स के लिए हुआ है।
ये खिलाड़ी 12 से 16 जनवरी तक छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव में आयोजित 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में सीआइएससीई का प्रतिनिधित्व करेंगी। अक्तूबर में गोरखपुर में आयोजित सीआइएससीई बास्केटबाल नेशनल्स में शानदार प्रदर्शन के दम पर इन खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की की।
सोफिया गल्र्स स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर मीना ने आयुषी, तनिष्का, सौम्या और उनके प्रशिक्षक कोच मिर्जा अदन को बधाई देते हुए कहा कि यह स्कूल और जिले के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल की अंडर-14 खिलाड़ी अनन्या सक्सेना और अंडर-19 खिलाड़ी नव्या रावत का भी एसजीएफआई में नियमित चयन होता रहा है, जो स्कूल की मजबूत खेल परंपरा को दर्शाता है।
कोच मिर्जा अदन ने क्या बताया?
कोच मिर्जा अदन ने बताया कि सत्र 2025-26 में सोफिया स्कूल से 12 खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है, जिनमें से पांच खिलाड़ी एसजीएफआइ के लिए चुनी गई हैं। उन्होंने इसे खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया। इस उपलब्धि पर जिला बास्केटबाल एसोसिएशन के सचिव मिर्जा बैग और अध्यक्ष सौरभ जैन ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय कोच अमरजीत सिंह ने तीनों खिलाडिय़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तनिष्का कक्षा छह से बास्केटबाल खेल रही हैं। ओपन सब जूनियर, यूथ और जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भागीदारी कर चुकी हैं। तीन सीआइएससीई नेशनल्स खेल चुकी हैं और पहली बार एसजीएफआइ के लिए चयनित हुई हैं। वहीं आयुषी ने कक्षा सातवीं में बास्केटबाल खेलना शुरू किया।
तीन सीआइएससीई नेशनल्स में हिस्सा लिया है और पहली बार एसजीएफआइ टीम में चयन हुआ है। इसके साथ ही सौम्या बना भी कक्षा छह से बास्केटबाल से जुड़ी हैं। यूथ ओपन नेशनल चैंपियनशिप और तीन सीआइएससीई नेशनल्स में भागीदारी कर चुकी हैं। दूसरी बार एसजीएफआइ के लिए चयनित हुई हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

