मोदीपुरम 11 जनवरी (आरएनएस)। गांव पाबली खास में आवारा कुत्तों का आतंक बरप रहा है। शनिवार को घर के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया, जिसमें उसके एक पैर का मांस फाड़ दिया। पड़ोसियों ने कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया। पीडि़त स्वजन ने घायल बच्ची का उपचार कराया। एक महीने में बीस लोगों पर कुत्ते हमला कर जख्मी कर चुके हैं।
शनिवार को सरफाज की पांच वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। तभी आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के मुंह में बच्ची के पैर का मांस का बड़ा हिस्सा चला गया। चीख पुकार के बीच पड़ोसी आए तो उन्होंने कुत्ते को भगाकर बच्ची को बचाया। बच्ची का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दौराला में उपचार कराया गया।
भाकियू तोमर गुट के दौराला ब्लाक अध्यक्ष अब्बास सैफी, स्थानीय निवासी ताहिर, इरशाद, साबेज, आकिल की मानें तो गांव के अंदर और बाहर आवारा कुत्ते दर्जनों की संख्या में हैं। बच्चे और बुजुर्गों पर अधिक हमला करते हैं। गांव में कई मुर्गा मीट की दुकान हैं, जिसके आसपास आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। गांव में एक महीने के भीतर करीब बीस बच्चे और बड़ों को आवारा कुत्ते हमला कर जख्मी कर चुके हैं।
गांव पाबली खास में आवारा कुत्तों को पकडऩे की कोई व्यवस्था नही है। गांव प्रधान असलम का कहना है कि गांव में दर्जनों की संख्या में आवारा कुत्ते हैं। एक महीने में करीब बीस लोगों पर कुत्तों ने हमला कर जख्मी किया है। कुत्ते के हमले में बच्ची भी घायल हुई है। दौराला विकास खंड में प्रार्थना देकर आवारा कुत्तों को पकडऩे की मांग की जाएगी।
इनका कहना है
पाबली खास गांव से आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए नगर निगम की मदद ली जाएगी। नगर आयुक्त से इस बाबत बातचीत होगी। कुत्ते के काटने पर दौराला सीएससी में वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था है। शर्मिष्ठा भंडारी देदुवा, प्रमुख दौराला ब्लाक।
पल्लवपुरम में आवारा कुत्तों को पकडऩे गई टीम का विरोध, पुलिस को आना पड़ा
पल्लवपुरम फेज-दो स्थित एस पाकेट में शनिवार को हिंसक आवारा कुत्तों को पकडऩे पहुंची नगर निगम की टीम का एक व्यक्ति ने विरोध करते हुए खूब हंगामा किया। शोर मचाते हुए उसने कुत्तों को न पकडऩे की चेतावनी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत किया। टीम कुत्तों को पकड़कर ले गई।
स्थानीय पार्षद विक्रांत ढाका ने बताया कि हिंसक कुत्ते आए दिन लोगों पर हमला करते हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा अमर सिंह का कहना है कि बंध्याकरण के लिए कुत्तों को पकडऩे गई टीम से रिपोर्ट लेकर इस बाबत कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

