करीब 100 लोगों ने उठाया लाभ
प्रयागराज 11 जनवरी (आरएनएस)। समाज के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए मेदांता ग्रुप, गुडग़ांव द्वारा रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम एवं सिविल लाइंस व्यापार मंडल के संयुक्त सहयोग से सिविल लाइंस स्थित ब्रजराज मोटर्स परिसर में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में मेदांता ग्रुप से आए अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा शुगर, ब्लड प्रेशर, बीएमडी (बोन डेंसिटी), ईसीजी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें नि:शुल्क की गईं। शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ प्राप्त किया।
रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के अध्यक्ष डॉ. प्रतीक पाण्डेय ने मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह एवं मेदांता की चिकित्सक टीम का सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा के साथ संयुक्त रूप से स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत भविष्य में भी इस प्रकार के नि:शुल्क एवं जनहितकारी मेडिकल कैंप आयोजित करता रहेगा, जिससे आमजन को समय रहते स्वास्थ्य लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के सचिव संजय तलवार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मेदांता ग्रुप की चिकित्सक टीम, मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह, सिविल लाइंस व्यापार मंडल एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

