नई दिल्ली ,12 जनवरी । भारतीय क्रिकेट टीम ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज का आगाज जीत के साथ किया। अब सीरीज का दूसरा वनडे 14 जनवरी 2026 को राजकोट में खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ बचे हुए दोनों वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी फिटनेस को लेकर जानकारी सामने आई है कि स्कैन में उनके रिब में दर्द की पुष्टि हुई है, जिसके चलते उन्हें आराम की सलाह दी गई है और वह आगे के मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
पहले वनडे के दौरान गेंदबाजी करते समय वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए थे। वह सिर्फ 5 ओवर डालने के बाद मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर आए थे। इसके बाद यह सवाल बना हुआ था कि सुंदर बल्लेबाजी के लिए उतर पाएंगे या नहीं। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते समय जब भारत ने अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गंवाए और मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया, तब सुंदर को बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा।
सुंदर ने 7 गेंदों पर 7 रन बनाए, लेकिन रन लेते समय वह असहज दिखाई दिए। आखिरकार केएल राहुल ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए मैच को भारत के पक्ष में समाप्त किया और टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। वॉशिंगटन सुंदर का बाहर होना इसलिए भी चिंता का विषय है क्योंकि 7 फरवरी 2026 से टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में आईसीसी टूर्नामेंट से पहले उनकी चोट टीम प्रबंधन के लिए परेशानी बढ़ा सकती है।
पहले वनडे में विराट कोहली ने 93 रनों की शानदार पारी खेलते हुए एक बार फिर अपने अनुभव और क्लास का परिचय दिया, हालांकि वह अपने 54वें शतक से चूक गए। उनकी इस अहम पारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। कप्तान शुभमन गिल ने भी 56 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को अंतिम चरण में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय पूरी तरह नियंत्रण में नजर आ रही थी, लेकिन 40वें ओवर में विराट कोहली के आउट होते ही विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। एक मौके पर भारत को 66 गेंदों में 67 रन चाहिए थे और 7 विकेट शेष थे, लेकिन इसके बाद रवींद्र जडेजा और श्रेयस अय्यर भी जल्दी आउट हो गए, जिससे मुकाबला रोमांचक बन गया। अंत में केएल राहुल (29 नाबाद) ने हर्षित राणा (29) के साथ 37 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

