जारी हुआ निरीक्षण कार्यक्रम
सुल्तानपुर 12 जनवरी (आरएनएस )। अयोध्या मंडल के आयुक्त महोदय के जनपद भ्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी, सुल्तानपुर द्वारा विस्तृत निरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। यह दौरा आज 13 जनवरी 2026 को प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं एवं संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार आयुक्त सबसे पहले ग्राम चौपाल एवं पंचायत भण्डरा, विकास खंड कूरेभार में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे। इसके उपरांत प्राथमिक विद्यालय भण्डरा पर मध्यान्ह भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत राजकीय बालिका आश्रय गृह, पलाही व दूध का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद विकास खंड कूरेभार के ग्राम सिसवार में अस्थायी गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण प्रस्तावित है। दौरे के अंतिम चरण में नवीन सभागार, कलेक्ट्रेट में माननीय मुख्यमंत्री डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक तथा कानून एवं राजस्व व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समय से उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। साथ ही जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस दौरे को लेकर हलचल तेज है और सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

