सत्यधाम आश्रम द्वारा क्षत्रिय भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सुलतानपुर 12 जनवरी (आरएनएस )। द वॉयस ऑफ अवध इस क्षेत्र में लोक गायन की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने का महत्वपूर्ण अवसर है। अवधी और भोजपुरी गीतों पर केंद्रित इस आयोजन में हम गांव की मिट्टी की महक महसूस कर सकते हैं। यह बातें राणा प्रताप पीजी कालेज के प्रबंधक एडवोकेट बालचंद्र सिंह ने कही। सत्यधाम आश्रम और राणा प्रताप पीजी कॉलेज के तत्वावधान में क्षत्रिय भवन में आयोजित अवधी और भोजपुरी लोकगीतों की प्रतियोगिता द वायस आफ अवध को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के आयोजक सत्यधाम आश्रम के गद्दीधीश आचार्य, सत्यसमदर्शी देवेंद्र कविराजदेव महाराज ने बताया कि प्रतियोगिता में अवध क्षेत्र के 18 जनपदों के कुल 73 बच्चों ने भाग लिया जिसमें से 30 प्रतिभागी चयनित हुए। इसके लिए दोनों राउंड मिलाकर कुल साठ प्रतिभाओं का चयन किया गया है। इनकी सूची जल्द ही सार्वजनिक की जायेगी । अंतिम रूप से टॉप 12 ग्रैंड फिनाले के लिए चयनित होंगे जिसमें से तीन प्रतिभागियों प्रथम, द्वितीय और तृतीय को आकर्षक पुरस्कार देकर द वायस आफ अवध के खिताब से नवाजा जाएगा। विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने कहा कि लोकगीत पीढिय़ों से चली आ रही एक मौखिक विरासत है जिसे गांव से जुड़ी महिलाएं सहेजती रही हैं। आज जब लोक परम्परायें संकट में हैं इन्हें सुरक्षित और संरक्षित रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है । महाविद्यालय आई क्यू ए सी निदेशक प्रोफेसर इन्द्रमणि कुमार ने कहा कि अच्छी गायकी के लिए अच्छा स्वर, सधा सुर, संगीत की समझ, सातत्य, समर्पण, साधना और संवेदनशीलता का सामंजस्य जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दिनेश कुमार त्रिपाठी व संचालन कवि लोकेश श्रीवास्तव ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक भोजपुरी के चर्चित गायक नंदन, चंदन और अमित यादव दीपू ने अपने गीतों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए निष्पक्ष निर्णय दिया। इससे पूर्व अतिथियों ने सरस्वती चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर निर्देशक विनय पाण्डेय, अन्नू यादव, कवि अभिमन्यु शुक्ल तरंग, प्रबंधक सुधा देव जी, पंकज चौरसिया, बृजकुमार भारती, जादूगर संजय घायल, कवि धर्मराज, अंतिमा तिवारी, पार्वती पाण्डेय, राजन विश्वकर्मा, चंद्रमणि मौर्य, बाबुल यादव, मनीष तिवारी, पूनम पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

