मेरठ 12 जनवरी (आरएनएस )। बागपत रोड से रेलवे रोड तक का सफर अब आसान हो गया है। इस क्षेत्र को जाम से निजात दिलाने के लिए सात मीटर चौड़े व 825 मीटर लंबे संपर्क मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। रविवार को संपर्क मार्ग पर हाइट गेज स्थापित किए गए।
बागपत रोड व रेलवे रोड की तरफ प्रवेश द्वारों पर रविवार देर रात तक हाइट गेज (ऊंचाई अवरोधक) स्थापित करने का कार्य किया गया। हाइट गेज के स्थापित होने के बाद अब आठ फीट से ऊंचे वाहन यहां से होकर नहीं गुजरेंगे। इससे जाम नहीं लगेगा। इससे पहले संपर्क मार्ग पर सड़क के बीच व दोनों छोर पर सफेद रंग की पट्टी (लेन मार्किंग) खींच दी गई हैं।
वहीं, जैननगर आवासीय की ओर जल्द ही ग्रिल स्थापित करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जिससे जैननगर की तरफ से कोई भी अपने घर या मकान का पिछला गेट खोलकर सीधे संपर्क मार्ग पर आवाजाही न कर सके।
आचार्य श्री विद्यासागर महामुनिराज के नाम पर चौराहे की मांग
संपर्क मार्ग के शुरू होने से बागपत रोड स्थित प्रवेश द्वार पर अब चौराहा बन गया है। विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ ने चौराहे के नाम आचार्यश्री विद्यासागर महामुनिराज के नाम पर रखने की मांग की है। ट्रांसपोर्टनगर निवासी संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री सुदीप जैन ने कहा कि संपर्क मार्ग के शुरू होने से इस क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिली है। चौराहे का नामकरण होने से आचार्य श्री को क्रांतिधरा की भूमि से यह सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

