लखनऊ 12 जनवरी (आरएनएस ) स्थित आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने जल जीवन मिशन को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चल रहा हजारों करोड़ रुपये का जल जीवन मिशन जनता को पानी देने की योजना नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के लिए पैसे की सप्लाई स्कीम बन चुका है। डबल इंजन सरकार के नाम पर किए गए विकास के वादों को उन्होंने पूरी तरह खोखला बताते हुए कहा कि नल कागजों में हैं, पानी फाइलों में है और जमीन पर सिर्फ भ्रष्टाचार का साम्राज्य खड़ा किया गया है।प्रेसवार्ता में वंशराज दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घर-घर जल पहुंचाने के दावे के तहत जल जीवन मिशन को जमीन पर उतरे 5 से 7 साल हो चुके हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में इसकी हकीकत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि यह घोटाला 2जी और कोयला घोटाले से भी बड़ा साबित हो रहा है। लगभग 57 हजार ग्राम सभाओं वाले प्रदेश में सरकार ने 40 से 45 हजार पानी की टंकियों के निर्माण का दावा किया, जबकि कई स्थानों पर टंकियां केवल कागजों में बनीं, पूरा भुगतान कर दिया गया और जमीन पर कुछ भी मौजूद नहीं है।आप के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि वर्ष 2021 में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस घोटाले को संसद में उठाया था। उस समय विभागीय मंत्री महेंद्र सिंह थे और बुंदेलखंड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लूट उजागर हुई थी। इसके बावजूद भाजपा सरकार दोबारा सत्ता में आई, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ गए। सरकार विधानसभा में 90 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा करती है, जबकि जमीनी सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है।उन्होंने अलग-अलग जिलों के उदाहरण देते हुए कहा कि 30 मई 2025 की सीतापुर रिपोर्ट में 5 करोड़ 31 लाख रुपये की पानी की टंकी ट्रायल के दौरान भरभरा कर गिर गई। चित्रकूट के कोपा गांव में जल जीवन मिशन के तहत प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया, जबकि वहां न नल है, न जल है, न टंकी और न ही चारदीवारी। सुल्तानपुर जिले की जयसिंहपुर विधानसभा के परस पट्टी ग्राम सभा में 3.45 करोड़ रुपये की टंकी का पूरा भुगतान हो चुका था, लेकिन टंकी जमीन पर थी ही नहीं। मामला सामने आने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और अगले दिन जेसीबी लगाकर खुदाई शुरू कराई गई। पास के भानपुर गांव में टंकी अधूरी पड़ी है, बोर्ड जर्जर है और कागजों में नौकरियां तक बांट दी गईं। आलापुर ग्राम सभा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां न टंकी है, न बोर्ड और हालात इतने बदतर हैं कि गांव वालों के साथ प्रतीकात्मक रूप से सरकार की “नौटंकी” का अंतिम संस्कार करते हुए 13वीं भोज किया गया।वंशराज दुबे ने कहा कि जल जीवन मिशन का नाम मिशन जल था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे मिशन जेब भरो में बदल दिया है। सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि देशभर से आई 17 हजार शिकायतों में से 14,264 शिकायतें अकेले उत्तर प्रदेश से हैं, यानी लगभग 86 प्रतिशत। इसके बावजूद सरकार 90 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों में से सिर्फ 434 मामलों में ही कार्रवाई हुई, जो यह दिखाता है कि सौ में महज तीन मामलों पर ही कोई कदम उठाया गया। लखीमपुर में 3.30 करोड़ रुपये की टंकी का टेस्टिंग के दौरान फटना पूरे सिस्टम की पोल खोलता है।उन्होंने भाजपा मंत्रियों पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सदन में जब विपक्ष ने गांवों में सड़कों की बदहाली और अधूरी योजनाओं का सवाल उठाया, तो मंत्री द्वारा सवाल पूछने वाले विधायक से बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। वंशराज दुबे ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेतृत्व अपने परिवार की कसम खाकर यह कह सकते हैं कि उत्तर प्रदेश में जल जीवन मिशन का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।प्रेसवार्ता में उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसी टंकी हो, जिसकी लागत 3 करोड़ रुपये से कम हो। मोटे तौर पर 40 हजार टंकियों का भुगतान किया जा चुका है और यदि औसतन 4 करोड़ रुपये प्रति टंकी के हिसाब से गणना की जाए, तो इस घोटाले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।वंशराज दुबे ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक जिम्मेदार राष्ट्रीय पार्टी के रूप में इस घोटाले के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही है। पार्टी की ओर से एक व्हाट्सएप नंबर 9554 000 189 जारी किया गया है, जिस पर प्रदेश के किसी भी गांव से अधूरी टंकी, नल या जल जीवन मिशन से जुड़ी गड़बडिय़ों की फोटो भेजी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के सामने उजागर करेंगे।अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को चेतावनी देते हुए कहा कि लफ्फाजी और हंसी-मजाक बंद किया जाए। उनका दावा था कि 2027 के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर इस घोटाले के एक-एक पैसे की वसूली की जाएगी और दोषियों को जवाब देना पड़ेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

