लखनऊ 12 जनवरी (आरएनएस ) में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 12 जनवरी 2026 को थाना हसनगंज की मिशन शक्ति एवं पिंक बूथ टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।थाना हसनगंज की पिंक बूथ टीम ने पिंक स्कूटी के माध्यम से क्षेत्र का भ्रमण किया और आमने-सामने संवाद के जरिए महिलाओं व छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंक धोखाधड़ी और फर्जी कॉल जैसे बढ़ते खतरों के प्रति सतर्क किया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों की आशंका भी बढ़ी है, ऐसे में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।अभियान के दौरान महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई। इसमें 112 आपातकालीन सेवा, 1090 महिला पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन के उपयोग और महत्व को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही महिला शक्ति केंद्रों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया, ताकि जरूरत पडऩे पर महिलाएं बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकें।मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में महिला सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए जिले के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर निरीक्षक, अतिरिक्त निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थाने पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।थाना हसनगंज की टीम द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। संवाद के दौरान महिलाओं को न केवल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, निडर और जागरूक बनने के लिए प्रेरित भी किया गया। पुलिस और समाज के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत करने की दृष्टि से यह अभियान प्रभावी साबित हुआ।पुलिस प्रशासन का मानना है कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की नींव को मजबूत करते हैं। मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाए जा रहे ये प्रयास न केवल महिलाओं को सुरक्षित वातावरण का भरोसा देते हैं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति सजग बनाकर एक सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

