लखनऊ 12 जनवरी (आरएनएस ) में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने प्रेसवार्ता कर पार्टी की अगले 100 दिनों की विस्तृत कार्ययोजना की घोषणा की और इसे चुनावी वर्ष में कांग्रेस का औपचारिक शंखनाद बताया।प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन और पूर्व मंत्री सीपी राय, पूर्व विधायक इंदल रावत, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता उमा शंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, ललन कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।प्रेस को संबोधित करते हुए आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यह दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए बेहद शुभ और प्रेरणादायी है, क्योंकि आज पार्टी की प्रमुख नेता प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन है। इसी पावन अवसर पर कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में अगले 100 दिनों की कार्ययोजना घोषित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प है।उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समय कांग्रेस जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है, उसी समय भारतीय जनता पार्टी वोटों में हेरफेर की साजिशों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कानूनी अस्तित्व को खत्म कर उसे केवल एक योजना में सीमित करने की कोशिश हो रही है और एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। कांग्रेस इन मंसूबों को सफल नहीं होने देगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि कांग्रेस अगले 100 दिनों में पूरे प्रदेश में संविधान संवाद महापंचायतों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से संविधान को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और उसी क्रम में उत्तर प्रदेश में 30 से अधिक संविधान संवाद महापंचायतों के जरिए योगी सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाया जाएगा। इसकी शुरुआत 24 जनवरी 2026 को सीतापुर से होगी, जिसके बाद लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में बड़े आयोजन किए जाएंगे।उन्होंने मनरेगा बचाओ संग्राम का ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2006 में ग्रामीण भारत के लिए मनरेगा जैसा ऐतिहासिक कानून लागू किया गया था, जिसने करोड़ों ग्रामीणों को रोजगार की गारंटी दी। आर्थिक मंदी और कोविड महामारी जैसे कठिन दौर में यह योजना ग्रामीण भारत के लिए संजीवनी साबित हुई। कांग्रेस का संकल्प है कि मनरेगा के अधिकार को बचाने के लिए जनआंदोलन किया जाएगा और न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष होगा।एसआईआर को लेकर उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेशभर में सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व विधायकों की मॉनिटरिंग कमेटी गठित कर दी है। इसके माध्यम से एक महीने के भीतर जायज मतदाताओं के कटे नाम जुड़वाए जाएंगे और नए मतदाताओं के फार्म भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर शुरू होने से पहले ही पार्टी 1600 बूथ स्तरीय कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति कर चुकी है।पंचायत चुनाव 2026 को लेकर आराधना मिश्रा मोना ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत पूरी तैयारी कर चुकी है और यह चुनाव पूरी ताकत के साथ अकेले लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा और बलिदान की 140 वर्ष की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करेगीउन्होंने बताया कि कांग्रेस के स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर यह पूरा वर्ष सेवा और बलिदान के वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। 28 दिसंबर 2026 तक प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों और प्रमुख शहरों में कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें कांग्रेस के ऐतिहासिक अधिवेशनों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी और विचार गोष्ठियां होंगी। आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर, मेरठ, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, झांसी, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर सहित अनेक शहरों में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।एमएलसी चुनाव 2026 को लेकर उन्होंने कहा कि नवंबर 2026 में होने वाले स्नातक और शिक्षक विधान परिषद की 11 सीटों पर कांग्रेस पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 80 हजार स्नातक और 32 हजार शिक्षक मतदाता बनाए जा चुके हैं। वाराणसी, मेरठ, लखनऊ और आगरा सहित कई सीटों पर कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति की जा चुकी है।आराधना मिश्रा मोना ने यह भी घोषणा की कि संविधान संवाद महापंचायतों के समापन के बाद राजधानी लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में एक विशाल महारैली आयोजित की जाएगी, जो कांग्रेस की ताकत और जनसमर्थन का प्रदर्शन होगी।उन्होंने संगठन सृजन अभियान पर बोलते हुए कहा कि पिछले नौ महीनों में प्रदेश में नौ हजार मंडलों का गठन और लगभग डेढ़ लाख बूथ अध्यक्षों की नियुक्ति की जा चुकी है। यह संगठनात्मक मजबूती कांग्रेस की जमीनी ताकत और लोकतंत्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।प्रेसवार्ता के समापन के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर केक काटा गया और उन्हें दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक व मिठाई बांटकर जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

