अधिकारियों और कर्मियों का हुआ शारीरिक परीक्षण
ब्लड प्रेशर, सुगर ,ब्लड इसीजी आदि की हुई जांच
बस्ती 12 जनवरी (आरएनएस) आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए आबकारी कार्यालय परिसर में एक दिवसीय विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभाग के अधिकारियों से लेकर मैदानी अमले तक के कर्मियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्य के दबाव के बीच कर्मचारियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में शहर के प्रतिष्ठित निजी अस्पतालके विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम मौजूद रही। शिविर के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल की जांच की गई। ईसीजी कर हृदय संबंधी परामर्श दिया गया। इस मौके पर सिटी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली अक्सर चुनौतीपूर्ण और भागदौड़ भरी होती है। फील्ड ड्यूटी और अनियमित खान-पान के कारण हाइपरटेंशन और डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।
विभाग के कर्मचारी दिन-रात मुस्तैदी से काम करते हैं। अक्सर व्यस्तता के कारण वे अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। इस शिविर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हमारे सभी साथी स्वस्थ रहें ताकि वे पूरी ऊर्जा के साथ अपनी सेवाएं दे सकें। शिविर के दौरान विभाग के सभी वर्गों के कर्मचारियों में भारी उत्साह देखा गया। कई कर्मचारियों ने बताया कि नियमित ड्यूटी के कारण वे अस्पताल जाकर जांच नहीं करा पाते थे, लेकिन कार्यालय परिसर में ही इस सुविधा के मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, निरीक्षक अंगद कुमार गौड़ समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

