केदारनाथ के मौनी बाबा के आगमन से मंदिर-आश्रम में छाया आध्यात्मिक उल्लास
प्रयागराज 12 जनवरी (आरएनएस)। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर शेर सिंह जी ने देशसेवा के बाद अपने जीवन को भक्ति, सेवा और समाज कल्याण के मार्ग पर समर्पित कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके प्रयासों से गांव में एक भव्य मंदिर एवं आश्रम का निर्माण कराया गया है, जो आज न केवल स्थानीय ग्रामीणों बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
मंदिर के शांत, पवित्र और अनुशासित वातावरण के कारण इसकी ख्याति निरंतर बढ़ रही है। इसी क्रम में हाल ही में केदारनाथ से पधारे प्रसिद्ध संत ‘मौनी बाबाÓ का मंदिर एवं आश्रम में आगमन हुआ। बाबा के आगमन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान भजन-कीर्तन और सत्संग से वातावरण पूर्णत: भक्तिमय हो गया।
सूबेदार मेजर शेर सिंह द्वारा किए गए इस धार्मिक और सामाजिक कार्य की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है। इस अवसर पर रवि रमन अंकेश ने बताया कि मंदिर और आश्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव और एकता का संदेश फैलाना है। उन्होंने कहा कि यह आश्रम संतों, साधुओं और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सदैव खुला रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

