अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज
प्रयाग में होगा गुप्त नवरात्र अनुष्ठान, माता ललिता देवी के क्षेत्र में शक्ति साधना
प्रयागराज 12 जनवरी (आरएनएस)। अध्यात्म और तपस्या की पावन स्थली तीर्थराज प्रयाग में इस वर्ष का माघ मेला एक विशिष्ट आध्यात्मिक आभा से ओतप्रोत होने जा रहा है। अनंत श्री विभूषित ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य जी महाराज आगामी 13 तारीख को माघ मेला क्षेत्र में सविधि प्रवेश करेंगे। उनके आगमन के साथ ही संगम तट पर स्थित उनके शिविर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला प्रारंभ हो जाएगी।
ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य जी महाराज इस वर्ष प्रयाग प्रवास के दौरान ‘गुप्त नवरात्रÓ का विशेष अनुष्ठान संपन्न करेंगे। विदित हो कि प्रयाग माता भगवती ललिता देवी का सिद्ध क्षेत्र है। तंत्र और शक्ति साधना के दृष्टिकोण से गुप्त नवरात्र का विशेष महत्व होता है। वर्ष में आने वाले चार नवरात्रों में से दो प्रकट और दो गुप्त होते हैं। आषाढ़ और माघ मास में पडऩे वाले गुप्त नवरात्रों में साधक गोपनीय रूप से शक्ति की उपासना करते हैं।
शंकराचार्य जी द्वारा किया जाने वाला यह अनुष्ठान राष्ट्र की सुख-समृद्धि, सनातन धर्म की मजबूती और लोक कल्याण की भावना को समर्पित होगा। प्रयाग की धरा पर शक्तिपीठ ललिता देवी की ऊर्जा के सान्निध्य में गुप्त नवरात्र का यह व्रत-पूजन आध्यात्मिक साधकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
शिविर में प्रतिदिन सत्संग, प्रवचन और भगवती की विशेष आरती के आयोजन भी किए जाएंगे। उक्त जानकारी वी के शुक्ल हाईकोर्ट ने दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

