-स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हुई संगोष्ठी
अयोध्या 12 जनवरी (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा, खेल एवं योगिक विज्ञान संस्थान एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी शाखा, अयोध्या के संयुक्त तत्वधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन कुलपति कर्नल बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में हुआ। संगोष्ठी का विषय युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वल एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन से हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में शारीरिक शिक्षा खेल एवं योगिक विज्ञान संस्थान के निदेशक विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. संत शरण मिश्र ने कहा कि स्वामी विवेकानंद वर्तमान युग के आदि शंकराचार्य हैं जिस प्रकार शंकराचार्य जी ने वेदांत के सिद्धांतों का सृजन व प्रतिपादन किया उसी तरह स्वामी विवेकानंद ने व्यावहारिक रूप से जीकर दिखलाया एवं सभी को जीने की प्रेरणा भी देते रहे। विवेकानंद जी का कथन है कि मैं उस प्रभु का सेवक हूं जिसे सब लोग मनुष्य कहते हैं। उन्हीं की सेवा व उत्थान ही सच्चा पूजन सत्कर्म है। दान की महिमा बताते हुए कहा कि दान की जड़े अतिशय गहरी होती है। उदाहरण देते हुए खेतड़ी, झुंझुनूं राजस्थान के महाराज नरेश अजीत सिंह के सहयोग के विषय में बताया कि उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विदेश गमन से लेकर परलोक गमन के पश्चात आजीवन स्वामी विवेकानंद जी की माता का पूर्ण आर्थिक सहयोग किया। रामकृष्ण मठ की स्थापना की कालांतर में उनका राज्य समाप्त होने के पश्चात रामकृष्ण मठ ने भी उनके महलों का जीर्णोद्धार करवाने का कर्तव्य निभाया। आज भारत की धरोहर के रूप में सुरक्षित रखा है। प्रो. मिश्र ने बताया कि हमारे जीवन का एक मात्र उद्देश्य मानवता की सच्ची सेवा ही होना चाहिए। हमारे पास जो कुछ भी है वह सब समाज का ही हिस्सा है। उन्होंने संगोष्ठी में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि हम सभी स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपना कर स्वयं के चरित्र निर्माण व राष्ट्र निर्माण में अपना बढ़ चढ़कर योगदान करें तभी हमारे जीवन की सार्थकता और स्वामी विवेकानंद जी की जयंती मनाने की सार्थकता सिद्ध हो सकेगी। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्थान के शिक्षक डॉ. अर्जुन सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन अनुराग सोनी ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक डॉ. अनिल मिश्रा, डॉ. कपिल राणा, डॉ. अनुराग पांडे, डॉ. त्रिलोकी यादव, आलोक तिवारी, गायत्री वर्मा, डॉ. मोहिनी पांडेय, डाइटिशियन स्वाति उपाध्याय, देवेंद्र वर्मा, संघर्ष सिंह, कुमार मंगलम सिंह, दिवाकर पाण्डेय एवं संस्थान के विद्यार्थी तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

