मेरठ 14 जनवरी (आरएनएस )। आज जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में वेटरन्स डे का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री बृजेश सिंह द्वारा की गई। इस अवसर पर वीरता पुरस्कार प्राप्त पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पूर्व सैनिक, वीर नारियाँ एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) को पूर्व सैनिक समुदाय से जुड़े कुछ लम्बे समय से लंबित मुद्दों-जैसे हाउस टैक्स माफी, स्टाम्प ड्यूटी में छूट, शस्त्र लाइसेंस संबंधी समस्याएँ तथा बैटल कैजुअल्टी के लिए एक्सग्रेशिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
ले0 जनरल जे0 एस0 वर्मा ने अपर जिलाधिकारी (नगर) का आभार व्यक्त करते हुए सैनिक बोर्ड के कार्यों की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व सैनिकों के मुद्दों के त्वरित निस्तारण के लिए एक अधिक प्रो. वेटरन दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है ताकि उनके त्याग और सेवा के अनुरूप सम्मान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि देश की सेना अत्यंत कठिन और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करती है जहाँ जवान अपने युवावस्था के बहुमूल्य वर्ष राष्ट्र की सुरक्षा में समर्पित कर देते हैं, अनेक बार परिवारों को अकेले परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

