रांची,15 जनवरी। मेन्स हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में रांची रॉयल्स ने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसजी पाइपर्स को 6-2 से करारी शिकस्त दी. टीम की इस दमदार जीत के नायक कप्तान टॉम बून रहे, जिन्होंने अकेले पांच गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया.
रांची रॉयल्स की ओर से मंदीप सिंह (13Ó) और कप्तान टॉम बून (17Ó, 40Ó, 41Ó, 50Ó, 60Ó) ने गोल किए. जबकि एसजी पाइपर्स के लिए टोमास डोमेन (20Ó) और गैरेथ फर्लोंग (39Ó) गोल करने में सफल रहे. मैच की शुरुआत में रांची रॉयल्स ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और पहले ही क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाया.
हालांकि, चौथे मिनट में एसजी पाइपर्स को बढ़त लेने का मौका मिला. जब दिलराज सिंह का शॉट रॉयल्स के डिफेंडर ने गोल लाइन से क्लियर कर दिया. दोनों टीमों के बीच तेज रफ्तार मुकाबला जारी रहा, लेकिन 13वें मिनट में मंदीप सिंह को सर्कल के भीतर खुला मौका मिला और उन्होंने गोल कर रांची को 1-0 की बढ़त दिला दी. क्वार्टर के अंतिम क्षणों में रॉयल्स को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन खराब ट्रैप के चलते बढ़त दोगुनी नहीं हो सकी.
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में रांची रॉयल्स को स्टिक टैकल के कारण पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे कप्तान टॉम बून (17Ó) ने बेहतरीन तरीके से गोल में बदलते हुए स्कोर 2-0 कर दिया. इसके बाद एसजी पाइपर्स ने आक्रामक रुख अपनाया और अपनी पहली पेनल्टी कॉर्नर पर टोमास डोमेन (20Ó) ने गोल कर अंतर 2-1 कर दिया. रॉयल्स को दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वे उन्हें भुनाने में असफल रहे और हाफ टाइम तक बढ़त एक गोल की ही रही.
तीसरे क्वार्टर में एसजी पाइपर्स ने लगातार दबाव बनाते हुए गैरेथ फर्लोंग (39Ó) के पेनल्टी कॉर्नर गोल से मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया. हालांकि, रांची रॉयल्स ने तुरंत जवाब देते हुए कप्तान टॉम बून (40Ó, 41Ó) के लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर गोल के दम पर बढ़त फिर से हासिल कर ली. हैट्रिक पूरी करते हुए बून ने टीम को 4-2 की बढ़त दिलाई और रांची इसी स्कोर के साथ अंतिम क्वार्टर में पहुंची.
चौथे क्वार्टर में एसजी पाइपर्स वापसी की कोशिश में जुटी रही, लेकिन रांची रॉयल्स ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली. कप्तान टॉम बून (50Ó) ने नजदीक से शानदार गोल कर अपना चौथा गोल दागा और जीत लगभग तय कर दी. मुकाबले के अंतिम सेकेंड्स में बून (60Ó) ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए अपना पांचवां गोल पूरा किया और रांची रॉयल्स की 6-2 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी. इस जीत के साथ रांची रॉयल्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. जबकि कप्तान टॉम बून का यह प्रदर्शन टूर्नामेंट के सबसे यादगार प्रदर्शनों में शामिल रहा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

