नईदिल्ली,15 जनवरी। जेरोधा के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नितिन कामथ ने बीएमसी चुनाव के चलते आज शेयर बाजार बंद रहने पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि भारतीय शेयर बाजारों का एक स्थानीय नगर निकाय चुनाव के कारण बंद होना कई सवाल खड़े करता है। ऐसे समय में जब भारतीय बाजारों की वैश्विक स्तर पर भागीदारी बढ़ रही, इस तरह का फैसला योजना की कमी और दूरगामी असर को न समझ पाने की ओर इशारा करता है।
कामथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय शेयर बाजारों के अंतरराष्ट्रीय लिंक हैं और इन पर विदेशी निवेशकों की भी नजर रहती है। ऐसे में केवल मुंबई के नगर निगम चुनाव के कारण बाजार बंद करना सही रणनीति नहीं लगती। इससे ट्रेडिंग, निवेश और वैश्विक भरोसे पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों से यह साफ होता है कि हम अभी वैश्विक सोच से काफी पीछे हैं।
अपने पोस्ट में कामथ ने दिग्गज निवेशक चार्ली मंगर के कथन का हवाला देते हुए कहा, मुझे प्रोत्साहन दिखाओ, मैं नतीजा दिखा दूंगा। उनका कहना था कि यह छुट्टी इसलिए भी मौजूद है, क्योंकि इसे खत्म करने का विरोध करने का किसी को खास प्रोत्साहन नहीं है। जब तक फैसलों से जुड़े लोग खुद इसका असर नहीं झेलते, तब तक सिस्टम में बदलाव की कोई ठोस पहल होती नहीं दिखती।
कामथ ने इशारों में कहा कि ऐसे फैसले यह भी बताते हैं कि भारत को वैश्विक निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है। बाजार की निरंतरता, स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार फैसले लेना बेहद जरूरी है। गर भारत को एक गंभीर, भरोसेमंद और मजबूत निवेश गंतव्य बनना है, तो स्थानीय कारणों से बाजार बंद करने की नीति पर दोबारा सोच करना बहुत जरूरी होगा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

