नई दिल्ली 16 jan, : सोना-चांदी की कीमतों ने बीते साल 2025 में जबरदस्त उछाल दिखाया था और साल 2026 की शुरुआत से ही एक बार फिर इनमें तेज तेजी देखने को मिल रही है। नए साल के शुरुआती दिनों में ही दोनों कीमती धातुएं पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही हैं। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को चांदी के दाम खुलते ही एक झटके में 12 हजार रुपये से ज्यादा बढ़ गए। वहीं सोने की कीमतों में भी मजबूत तेजी दर्ज की गई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ी है, जिसके चलते निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी की ओर बढ़ा है।
The rise in prices is unstoppable, silver has become costlier by Rs 12,000 today, gold is no less… find out the rate of 10 grams of 24-carat gold : चांदी की कीमतों की बात करें तो बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर यह कीमती धातु खुलते ही तेज रफ्तार से चढ़ती दिखाई दी। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव अपने पिछले बंद स्तर से 12,803 रुपये की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। पिछले कारोबारी दिन चांदी का वायदा भाव 2,75,187 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि बुधवार को यह बढ़कर 2,87,990 रुपये प्रति किलो के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया।
इस साल अब तक महज 10 कारोबारी दिनों में ही चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। इस दौरान एक किलो चांदी की कीमत 52,117 रुपये बढ़ चुकी है। 1 जनवरी को चांदी का वायदा भाव 2,35,873 रुपये प्रति किलो था, जो बुधवार को शुरुआती कारोबार में ही बढ़कर 2,87,990 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, केवल इस सप्ताह के तीन कारोबारी दिनों में ही चांदी 19,020 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।
केवल चांदी ही नहीं, सोने की कीमतें भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सोने के वायदा भाव में इस साल अब तक 10 कारोबारी दिनों में 7,369 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की जा चुकी है। 1 जनवरी 2026 को 24 कैरेट सोने का भाव 1,35,804 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो बुधवार को करीब 832 रुपये की बढ़त के साथ 1,43,173 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
सोना-चांदी की कीमतों में इस साल आई तेज बढ़त के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। विदेशी निवेशकों की बिकवाली के साथ-साथ अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव भी इसकी बड़ी वजह है। आमतौर पर वैश्विक तनाव के समय निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोना और चांदी में निवेश बढ़ा देते हैं और मौजूदा हालात में भी यही रुझान देखने को मिल रहा है।

