नईदिल्ली,16 जनवरी। अमेरिका के लगातार बढ़ते टैरिफ दबाव और अतंराष्ट्रीय व्यापार चुनौतियों के बाद भी अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने अनुमान जताया है कि भारत की अर्थव्यवस्था में बढ़ोतरी जारी रहेगी। आईएमएफ के संचार विभाग की निदेशक जूली कोजैक ने गुरुवार को वाशिंगटन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि भारत की तीसरी तिमाही की वृद्धि उम्मीद से अधिक मजबूत रही है। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि भारत दुनिया के लिए एक प्रमुख विकास इंजन है।
कोजैक ने कहा कि आईएमएफ के आकलन में, भारत की विकास दर में बढ़ोतरी दिखी, जो काफी हद तक मजबूत घरेलू खपत पर आधारित है। उन्होंने बताया कि आईएमएफ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। उन्होंने कहा, हमने तब से जो देखा है वह यह है कि भारत में तीसरी तिमाही की वृद्धि उम्मीद से कहीं अधिक मजबूत रही है। इससे संभावना बनती है कि आईएमएफ आगे चलकर अपने पूर्वानुमान को बढ़ाएगा।
कोजैक ने कहा, मुझे लगता है कि भारत के बारे में हमारा मुख्य निष्कर्ष यह है कि यह वैश्विक विकास का एक प्रमुख चालक रहा, जो काफी मजबूत है। उन्होंने कहा, इस घटनाक्रम से आईएमएफ के विकास पूर्वानुमान में ऊपर की ओर संशोधन की संभावना बढ़ती है। संभावना है कि हम भविष्य में अपने पूर्वानुमान बेहतर बनाएंगे। बता दें कि आईएमएफ अगले सप्ताह विश्व आर्थिक आउटलुक का अद्यतन संस्करण जारी करेगा, जिसमें भारत समेत प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के संशोधित अनुमान हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

