नईदिल्ली,16 जनवरी। विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के 8वें मैच में यूपी वारियर्स (यूपीडब्ल्यू) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 7 विकेट से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। नवी मुंबई में खेले गए मैच में एमआई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 161/5 का स्कोर बनाया, जिसमें नैट साइवर-ब्रंट का अर्धशतक (65) शामिल रहा। जवाब में यूपीडब्ल्यू ने 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
एमआई को जी कमलिनी (5) के जल्दी आउट होने के बाद साइवर-ब्रंट और अमनजोत कौर (38) ने उम्दा पारियां खेलीं। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आई निकोलस कैरी ने 20 गेंदों में 5 चौकों की मदद से नाबाद 32 रन बनाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। यूपीडब्ल्यू ने 45 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद लिचफील्ड (25 ), क्लो ट्रायन (27*) और हरलीन देओल (64*) की बदौलत यूपीडब्ल्यू ने जीत दर्ज की।
साइवर-ब्रंट ने अपने डब्ल्यूपीएल करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। वह 43 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुई। वह संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर वाली बल्लेबाज बनी। उन्होंने इस मामले में हरमनप्रीत कौर (10) और मेग लैनिंग (10) की बराबरी की। साइवर-ब्रंट ने डब्ल्यूपीएल में 32 मुकाबले खेले हैं। इसकी 32 पारियों में 46.64 की औसत के साथ उन्होंने 1,166 रन बनाए हैं। वह इस लीग में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।
हरलीन नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए आई। उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह डब्ल्यूपीएल के इतिहास में उनका तीसरा और मौजूदा सीजन में पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने लिचफील्ड के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की। एक छोर से निरंतर रन बटोरते हुए उन्होंने जीत सुनिश्चित की। वह 39 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रही।
यूपीडब्ल्यू ने मौजूदा सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। इससे पहले यूपीडब्ल्यू को अपने शुरुआती 3 मुकाबलों में हार मिली थी। तालिका में यूपीडब्ल्यू आखिरी 5वें स्थान पर है। दूसरी तरफ एमआई की यह 4 मैचों के बाद दूसरी हार है। हरमनप्रीत के नेतृत्व वाली टीम दूसरे स्थान पर बरकरार है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल की है और फिलहाल ये टीम अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

