मेरठ 16 Jan, (Rns) । शीतलहर और कोहरे के बाद अब प्रदूषित हवा की मार भी शहरवासियों को झेलनी पड़ रही है। महत्वपूर्ण बात यह है कि हवा की स्थिति दोपहर को खराब हो रही है। पल्लवपुरम और जयभीम नगर में पीएम 2.5 की मात्रा दोपहर 12 बजे से 350 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के आसपास बना रहा।
आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति में बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। पहाड़ों पर बरसात और बर्फबारी होने से कोल्ड डे की स्थिति बन रही है। सर्द हवाओं का प्रभाव अभी भी मैदानी भागों में बना हुआ है। रात में और सुबह के समय घना कोहरा कई भागों में देखने को मिल रहा है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार जब जब कोहरा पड़ता है तापमान में आंशिक वृद्धि देखने को मिलती है।
पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम रिकॉर्ड किया जा रहा था। शीतलहर के चलते आम जान का बुरा हाल है। शाम होते ही ठंडी हवाएं लोगों को हलकान कर रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार ऐसे में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है हार्ट अटैक का खतरा अधिक हो जाता है। रात में हवाओं के संपर्क में आने से हाथ पैर की ऊंगलियां सुन्न हो रही हैं। मैदानों में शहरों का तापमान हिल स्टेशन से भी कम है। ऐसे में शाम होने के बाद बाहर निकलने से बचना चाहिए।
गुरुवार को हवाओं की रफ्तार कम होने से दिन में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ रहा। रात आठ बजे जयभीम नगर में एक्यूआई 323 आंका गया। वहीं पीएम 2.5 की मात्रा 414 तक पहुंच गई। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डॉ. यूपी शाही ने बताया कि दिन में मौसम साफ होने से शाम होते ही पारा तेजी से गिर रहा है।
पर्वतीय इलाकों में एक बार फिर बरसात की संभावना बन रही है। जिससे मैदानों में घना कोहरा छाया रह सकता है। आगामी दो तीन दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है। कोल्ड डे तब होता है जब अधिकतम तापमान 16 डिग्री से कम और सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

